कोटा–उज्जैन के बीच पहली बार दौड़ी सीधी मेमू ट्रेन, रेल संपर्क के नए युग की शुरुआत
कोटा मंडल के रेल इतिहास में पहली बार कोटा से उज्जैन तक सीधी मेमू सेवा शुरू हुई। उद्घाटन समारोह में सांसदों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। जानिए इस नई रेल सेवा से यात्रियों को क्या बड़ा लाभ मिलने वाला है।

चौमहला रेलवे स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर कोटा-उज्जैन मेमू ट्रेन सेवा के विस्तार का शुभारम्भ किया।
कोटा मंडल के रेल इतिहास में 15 जून 2026 का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया, जब पहली बार कोटा और उज्जैन के बीच सीधी मेमू रेल सेवा का शुभारम्भ किया गया। लंबे समय से यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता को देखते हुए गाड़ी संख्या 61624/61623 कोटा–चौमहला मेमू सेवा का विस्तार उज्जैन तक किया गया। इस नई सेवा के उद्घाटन के अवसर पर चौमहला और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर भव्य समारोह आयोजित किए गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि पहला उद्घाटन समारोह चौमहला रेलवे स्टेशन पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह तथा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालरापाटन विधायक वसुंधरा राजे ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समारोह में डग विधायक कालूराम, रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य धीरज गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता नवीन भूषण शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन पर आयोजित दूसरे उद्घाटन समारोह में उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया ने सेवा विस्तार का औपचारिक शुभारम्भ किया। सांसद ने इस अवसर पर नई मेमू सेवा में यात्रियों के साथ नागदा तक यात्रा भी की। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य नंदन राज जैन, उपेन्द्र यादव, जनपद अध्यक्ष कालू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लिया। रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक सौरभ मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) महेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर पटेल तथा मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) सुनील चंदेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नई समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 61624 प्रतिदिन प्रातः 5:40 बजे कोटा से रवाना होकर रामगंज मंडी, भवानी मंडी, शामगढ़, चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट और नागदा होते हुए दोपहर 12:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान कर नागदा, चौमहला, शामगढ़, भवानी मंडी और रामगंज मंडी होते हुए शाम 7:05 बजे कोटा पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सेवा विस्तार से कोटा मंडल के यात्रियों को धार्मिक, शैक्षणिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर उज्जैन तक बिना ट्रेन बदले सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही नागदा जंक्शन के माध्यम से बीना तथा मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी रेल संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।
कोटा से उज्जैन तक सीधी मेमू सेवा का यह शुभारम्भ न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगा, बल्कि राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच क्षेत्रीय संपर्क, आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। यह पहल रेल नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
