रेलवे स्टेशनों को अधिक समावेशी और दिव्यांगजन अनुकूल बनाने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दिव्यांग यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा रेल मंडल ने समाजसेवी संस्था लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।

इस पहल के तहत कोटा रेलवे स्टेशन पर संस्था द्वारा नामित एक दिव्यांगजन यात्रियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन दिव्यांग यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें स्टेशन परिसर में आवागमन, आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच या यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सहयोग की आवश्यकता होती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि नियुक्त दिव्यांगजन स्टेशन पर आने वाले दिव्यांग यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। साथ ही उन्हें व्हीलचेयर सुविधा उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसर में विभिन्न यात्री सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था आगामी जुलाई माह से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ किए जाने की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य केवल दिव्यांग यात्रियों को बेहतर सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को सार्थक सेवा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है।

सौरभ जैन ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के सफल संचालन और यात्रियों से प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में कोटा रेलवे स्टेशन पर एक समर्पित “दिव्यांगजन सहायता बूथ” स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार मंडल के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी इस प्रकार की व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।

रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल दिव्यांग यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सम्मानजनक और सुलभ बनाने के साथ-साथ रेलवे सेवाओं को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story