हिंडौन सिटी में गुरुवार शाम एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना उस समय टल गई जब हज़रत निज़ामुद्दीन–कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी सं. 12060) के एक कोच के अंडरगियर से धुआँ उठने लगा। टीटीई मनोज कुमार की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सैकड़ों यात्रियों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

दिनांक 30 अप्रैल 2026 को सायं लगभग 4 बजे गाड़ी फतेहपुर सीकरी से हिंडौन सिटी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात टीटीई मनोज कुमार को कोच डी-7 के आसपास से धुएँ की गंध महसूस हुई। उन्होंने तुरंत स्थिति की जाँच की, जहाँ पाया कि कोच के अंडरगियर से घना धुआँ निकल रहा है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना विलंब अलार्म चेन पुलिंग कर गाड़ी को हिंडौन सिटी स्टेशन पर रुकवाया।

गाड़ी रुकते ही मनोज कुमार ने अग्निशामक यंत्र की सहायता से धुएँ पर नियंत्रण पाया और तुरंत रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही तकनीकी दल मौके पर पहुँचा और विस्तृत जाँच शुरू की गई। प्रारंभिक जाँच में यह तथ्य सामने आया कि पहिए पर ब्रेक ब्लॉक चिपक जाने के कारण उत्पन्न घर्षण से धुआँ निकल रहा था। इसके बाद खराब कोच के ब्रेकिंग सिस्टम को आइसोलेट कर गाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।

यह घटना समय रहते नियंत्रित न होती तो तेज़ रफ्तार गाड़ी में आग लगने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। टीटीई की सूझबूझ और तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। यह घटनाक्रम एक बार फिर दर्शाता है कि रेलगाड़ियों में तैनात कर्मचारियों की सतर्कता ही यात्रियों की सुरक्षा की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story