कोटा, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कोटा में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से एलबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन में जागरूकता कार्यक्रम, विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी, मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सैन्य स्टेशन मुख्यालय, कोटा के कर्नल प्रदीप कदम, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर बी.सी.एस. शेखावत तथा कैप्टन अनार सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग व बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस वर्ष 1947 की त्रासदी से सीख लेकर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।

कर्नल प्रदीप कदम ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की देशभक्ति, अनुशासन और संविधान के प्रति निष्ठा से भी सशक्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनने का आह्वान किया।

कमांडर बी.सी.एस. शेखावत ने राष्ट्रध्वज के सम्मान को प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च कर्तव्य बताते हुए युवाओं से सेवा भावना, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को जीवन का आधार बनाने का आग्रह किया। कैप्टन अनार सिंह सिसोदिया ने कहा कि युवाओं को देश की आजादी के लिए महापुरुषों द्वारा दिए गए त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भावी पीढ़ी को शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ध्वज संहिता की जानकारी दी गई। विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें विस्थापन, पीड़ा और मानवीय संघर्ष के ऐतिहासिक पक्षों से अवगत कराया गया। मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कृत किया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

एलबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन कुलदीप माथुर एवं निदेशक योगेन्द्र माथुर ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story