उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कोटा मंडल के 4 रेलकर्मियों को डीआरएम अवार्ड, रिकॉर्ड राजस्व से वैगन प्रबंधन तक
कोटा मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 4 रेलकर्मियों को डीआरएम अवार्ड मिला। टिकट जांच में रिकॉर्ड राजस्व से लेकर वैगन प्रबंधन में बेहतर उपलब्धियों तक, सम्मानित कर्मचारियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

तस्वीर में कोटा मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा और अन्य अधिकारियों के साथ डीआरएम अवार्ड प्राप्त करने वाले रेलकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं।
कोटा मंडल में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने 4 रेलकर्मियों को डीआरएम अवार्ड से सम्मानित किया। इनमें टिकट जांच में रिकॉर्ड राजस्व अर्जित करने वाले तीन रेलकर्मी और वैगन प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक रेलकर्मी शामिल हैं।
टिकट जांच में शानदार प्रदर्शन के लिए चल टिकट निरीक्षक श्री समर बहादुर, श्री अनवर हुसैन एवं मुख्य चल टिकट निरीक्षक श्री बी.डी. रज्जाक को डीआरएम अवार्ड प्रदान किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि श्री समर बहादुर ने जून 2026 में ₹3,92,300 का राजस्व अर्जित किया। उन्होंने एमेनिटी कैडर में सर्वाधिक राजस्व तथा टिकट जांच स्टाफ में सर्वाधिक औसत दैनिक आय दर्ज की। वहीं, श्री बी.डी. रज्जाक ने ₹3,99,070 की वसूली के साथ जून माह में सर्वाधिक कुल राजस्व अर्जित किया।
श्री अनवर हुसैन ने एक ही दिन में ₹1,00,420 की वसूली कर मंडल के टिकट जांच स्टाफ में सर्वाधिक एकदिवसीय राजस्व का रिकॉर्ड बनाया। टिकट जांच के क्षेत्र में इन उपलब्धियों के लिए तीनों रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।
वैगन प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सहायक परिचालन प्रबंधक(गुड्स), कोटा श्री उपेंद्र सीपी सिंह को भी डीआरएम अवार्ड प्रदान किया गया। उनके पर्यवेक्षण में वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल ने 5,620 मिलियन किलोमीटर के एनटीकेएम लक्ष्य के मुकाबले 5,904 मिलियन किलोमीटर की उपलब्धि हासिल की। यह लक्ष्य से 5.0 प्रतिशत अधिक और पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अधिक है।
वर्ष के दौरान मंडल की औसत दैनिक वैगन होल्डिंग 5,000 के लक्ष्य के मुकाबले 4,733 वैगन रही, जबकि प्रभावी वैगन होल्डिंग 4,312 वैगन दर्ज की गई।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने सभी सम्मानित रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्यों की पहचान और सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है तथा अन्य रेलकर्मी भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। कोटा मंडल में रिकॉर्ड राजस्व अर्जन और वैगन प्रबंधन से जुड़ी इन उपलब्धियों को इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
