कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में आज 25 रेलकर्मियों को उनके लंबित और समर्पित सेवाकाल के लिए भावभीनी विदाई दी गई। मंडल कार्यालय में आयोजित इस गरिमामयी समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने की। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके अंतिम निपटान राशि का भुगतान एनईएफटी माध्यम से किया गया। इसके साथ ही उन्हें स्वर्ण पदक, पेंशन भुगतान आदेश (आई-पास पोर्टल के माध्यम से), मानार्थ पास, परिचय पत्र और उदारीकृत चिकित्सा सुविधा कार्ड प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने अपने संबोधन में कर्मचारियों को सलाह दी कि वे अपनी सेवानिवृत्ति राशि का सावधानीपूर्वक निवेश करें और साइबर ठगों से सतर्क रहें।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सुप्रकाश, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री भंवर सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविरल शर्मा, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक श्री के एस हाडा, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री विद्या भूषण भारती, तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोटा मंडल ने अपने समर्पित कर्मचारियों की निष्ठा और सेवाओं को हमेशा गौरवपूर्वक याद रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और उनके जीवन के नए चरण के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की। यह कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों की सेवाओं का सम्मान था, बल्कि रेलवे प्रशासन की पारदर्शिता और कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का भी प्रतीक बना।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story