भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए देश में अराजकता का माहौल फैलाने का आरोप लगाया। जलसा होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), वोट चोरी के आरोपों और आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। साथ ही सवाई माधोपुर में करीब 150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की प्रगति और क्षेत्र में पर्यटन विकास की योजनाओं की जानकारी दी।

डॉ. मीणा ने कहा कि पहली बार देखने को मिल रहा है कि आंदोलनकारी उच्चतम न्यायालय और प्रधानमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन की अपनी मर्यादाएं होती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मंत्री ने कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार इसे अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं और बांग्लादेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाना जरूरी है।

वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए डॉ. मीणा ने सवाल किया कि यदि वोट चोरी हो रही है तो सवाई माधोपुर में भाजपा की जीत के बावजूद बामनवास और गंगापुर सिटी में कांग्रेस कैसे चुनाव जीत गई?

आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्याशियों का चयन जमीनी सर्वे और जनसमर्थन के आधार पर किया जाएगा। प्रत्याशियों के चयन में भाई-भतीजावाद के लिए कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि सवाई माधोपुर में करीब 150 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। नटिया नाले के निर्माण एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने सड़कों और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

डॉ. मीणा ने बताया कि उन्होंने स्वयं भाड़ौती-मखौली मार्ग और ढील बांध की नहरों का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रणथंभौर की वैश्विक पहचान के अनुरूप पर्यटन विकास पर जोर देते हुए मंत्री ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के किनारे नागरिक सुविधाओं के विकास तथा स्थानीय अमरूदों के लिए प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने पंचायती राज चुनाव में जमीनी सर्वे के आधार पर प्रत्याशी चयन, विकास कार्यों में गुणवत्ता और पर्यटन से जुड़े अवसरों को क्षेत्र की प्राथमिकताओं के रूप में सामने रखा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story