खेलो इंडिया संवाद में गूंजा पीएम मोदी का संदेश, आयुष कुमार ने युवाओं को दिया खेल मंत्र
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ हुआ। पीएम मोदी के वर्चुअल संदेश के साथ आयुष कुमार ने युवाओं से संवाद कर खेल और अनुशासन के लिए प्रेरित किया।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के राजकीय पीजी महाविद्यालय परिसर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के दौरान बैनर के साथ खड़े छात्र, स्वयंसेवक और अतिथि नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर गुरुवार को देशव्यापी “खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम आयोजित हुआ। राजकीय स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालय, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में हुए इन विशेष कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के संबोधन के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विशेष वर्चुअल संदेश का सजीव प्रसारण सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता, फिटनेस और युवा नेतृत्व के लिए प्रेरित करते हुए “विकसित भारत/2047” के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
सवाई माधोपुर के राजकीय पीजी महाविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा नामित खेल व्यक्तित्व एवं राज्य स्तरीय भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) के रजत पदक विजेता आयुष कुमार विशेष रूप से जयपुर से पहुंचे। उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और अपने खेल अनुभव साझा करते हुए उन्हें निरंतर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य धीरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर माय भारत के जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल और राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक राकेश मीणा भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को “नशा मुक्ति” तथा “मतदाता जागरूकता” की शपथ भी दिलाई गई। इसके माध्यम से उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। संवाद सत्र में युवाओं को पोर्टल पर 5 प्रमुख विषयों से संबंधित अपने विचार और सुझाव जमा करने के लिए भी प्रेरित एवं मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन माई भारत के मॉडरेटर अनुभव सैन ने किया। आयोजन की रूपरेखा और तकनीकी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में माई भारत के सक्रिय स्वयंसेवकों राजेश गुर्जर, मनोज महावर, सत्येंद्र चौहान, प्रवीण मीणा और अन्य वॉलंटियर्स का सराहनीय योगदान रहा।
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में हुए इस आयोजन ने युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए “खेलेगा युवा, आगे बढ़ेगा भारत” की भावना को मजबूत किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए नई ऊर्जा प्रदान की।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
