स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज के पावन अवसर पर स्वतंत्रता दिवस की पावन संध्या में खण्डेलवाल सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी की ओर से आयोजित “श्रावण उत्सव – तिरंगे के रंग” समारोह खण्डेलवाल धर्मशाला में उत्साह, उमंग, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत सुंदरदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन किया। देशभक्ति की भावना को सशक्त करते हुए 101 दीपकों से भारत माता की आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। तिरंगे एवं राष्ट्रगीत से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हरियाली तीज एवं श्रावण उत्सव की पारंपरिक छटा भी समारोह में देखने को मिली। महिलाओं ने सुंदर तीज एवं लहरिया नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को राजस्थानी संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर लगे झूलों पर महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीत गाते हुए झूला झूलकर श्रावण एवं तीज की खुशियां मनाईं। पूरे परिसर में सावन के उल्लास और तिरंगे की देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के अध्यक्ष अरविन्द खण्डेलवाल ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और आपसी सहयोग में निहित है। हमें एक सशक्त एवं संगठित समाज का निर्माण करते हुए देश के समग्र विकास में अपना योगदान देना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय खण्डेलवाल वैश्य महासभा के पदाधिकारी श्री प्रदीप जी राजोरिया ने अपने संबोधन में समाज में आपसी एकता, भाईचारे एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर सामूहिक विकास की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में खण्डेलवाल वैश्य समाज समिति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम की सफलता में सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक विनीता खूंटेटा एवं अंशु खण्डेलवाल तथा सह-संयोजक मंजू पीतलिया, रीना टोडवाल, ममता डांस एवं शालू टोडवाल का विशेष योगदान रहा। इनके कुशल समन्वय, मेहनत एवं समर्पण से सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शानदार रूप मिला।

खण्डेलवाल सोशल ग्रुप के सभी सदस्यों एवं प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। देशभक्ति, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के संगम ने “श्रावण उत्सव – तिरंगे के रंग” को यादगार आयोजन बना दिया।

अध्यक्ष अरविन्द खण्डेवाल ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी प्रकार सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता के साथ भविष्य में भी समाजहित एवं सांस्कृतिक आयोजनों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक सहभोज का आनंद लिया। स्नेह एवं आत्मीयता से परिपूर्ण इस सहभोज ने कार्यक्रम के उल्लास को और बढ़ा दिया। सभी ने एक-दूसरे से मिलकर आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस प्रकार देशभक्ति, संस्कृति, परंपरा, उत्साह एवं सामाजिक एकता से सराबोर “श्रावण उत्सव – तिरंगे के रंग” कार्यक्रम का सफल एवं सुखद समापन हुआ।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story