खण्डार में सफाई व्यवस्था बेहाल, कचरे से अटे नाले ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहे
सवाई माधोपुर के खण्डार शहर में नालों की सफाई न होने से मुख्य बाजार और बैंक मार्ग पर गंदा पानी जमा, नगरपालिका की अनदेखी से राहगीर परेशान।

सवाई माधोपुर के खण्डार में बालेर रोड पर नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से आवागमन में बाधा उत्पन्न होती हुई, स्थानीय नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही।
सवाई माधोपुर (बृजेश त्रिवेदी)। जिले के खण्डार शहर की हालत सफाई की अव्यवस्था के चलते बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते शहर की खूबसूरती को मानों ग्रहण लगा हुआ है। वर्तमान में शहर में बहने वाले नाले कचरे से पूरी तरह अटे पड़े हैं, जिससे नाले ओवरफ्लो होकर सड़क के ऊपर से मुख्य बाजार में होकर बहने लगे हैं। इस नारकीय स्थिति के कारण लोगो को विवश होकर सडक पर बह रहे नाले के गन्दे पानी से होकर गुजरना पड रहा है, जो स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
क्षतिग्रस्त नालों और कचरे के ढेर से बेहाल हुआ जनजीवन
शहर की सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि नाला भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसकी मरम्मत नहीं होने के चलते भी नाले का पानी लगातार रोड पर बह रहा है। इसके साथ ही शहर में स्थित खाली पड़े भू-खण्ड भी कचरे का डंपिंग यार्ड बने हुए हैं। यूं तो खण्डार में सभी जगह कमोबेश यही हालात बने हुए हैं, परन्तु बालेर रोड से निरला की बाड़ी में पंजाब नेशनल बैंक की ओर जाने वाले रास्ते की दशा और भी गंभीर बनी हुई है। नगरपालिका प्रशासन को यहाँ विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि आमजन को इस समस्या से निजात मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
