सवाई माधोपुर, खंडार। 5 नवंबर।

विकास के नए अध्याय की शुरुआत करते हुए खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने अपने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान बोदल क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। विधायक ने सुमेरगंज मंडी–दौलतपुरा–कमलेश्वर महादेव–चितारा–लहसोडा–बोदल सड़क मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ किया, जिसकी लागत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह सड़क लगभग 8 किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

इसी क्रम में विधायक गोठवाल ने 17 मील से सेवंती खुर्द तक बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया, जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये है। यह सड़क 4 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी मांग स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। सड़क स्वीकृति की इस घोषणा से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने विधायक का गाजे-बाजे और भव्य स्वागत जुलूस निकालकर अभिनंदन किया।

विधायक गोठवाल ने इस अवसर पर कहा कि इन विकास कार्यों से किसानों, विद्यार्थियों और आमजन के जीवन में सुविधा बढ़ेगी। नई सड़कों से कृषि उत्पादों के परिवहन में सुगमता आएगी, विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज तक पहुंचना आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल वादे करना नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।”

क्षेत्रीय प्रवास के दौरान विधायक ने SIR 2 मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र खंडार की बैठक भी ली, जिसमें कार्यकर्ताओं को अभियान से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इसके पश्चात विधायक गोठवाल रामेश्वर धाम पहुंचे, जहाँ उन्होंने चतुर्भुज नाथ जी के दर्शन किए और मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र मित्तल, महावीर जाट, बाबूलाल मीणा, महामंत्री महेश महावर, अजित बना, जितेंद्र भाटिया, प्रभु गुर्जर, रूपसिंह गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर, जुगराज गुर्जर सरपंच सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम न केवल क्षेत्र के लिए विकास की दिशा में ठोस कदम साबित हुआ, बल्कि जनता के बीच विश्वास और सहभागिता का प्रतीक भी बना।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story