राजस्थान सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा और जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने तथा उनकी पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल के साथ कार्य करना होगा।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिला पुलिस द्वारा संचालित बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविरों के साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास राह चलती महिलाओं और बालिकाओं पर फब्तियां कसने तथा छींटाकशी करने वाले असामाजिक तत्वों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और निर्भया स्क्वाड की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं तथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जिला पुलिस स्कूलों और कॉलेजों में बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित कर राजकोप सिटिजन ऐप, साइबर फ्रॉड, गरिमा हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और सी-बॉक्स के संबंध में जानकारी भी दे रही है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश चंद मीणा, एडीपीएस से अनिल कुमार जैन, समाज कल्याण विभाग के सहायक निदेशक श्रवण कुमार मीणा, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन स्टॉप सेंटर, 1090 महिला हेल्पलाइन, शिक्षा विभाग, स्कूल एवं कॉलेज, सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति), स्वास्थ्य विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों सहित कई विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित राहत, पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा शासन की महिला हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने सभी विभागों से महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, जन-जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर संचालन सुनिश्चित करने तथा महिला अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त प्रयासों को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story