करौली: शिव मंदिर निर्माण और रामकथा के लिए पूर्व सभापति ने दिए 5 लाख
करौली में रामकथा और शिव मंदिर निर्माण के लिए पूर्व नगर परिषद सभापति राजाराम गुर्जर ने युवाओं के माध्यम से ₹5 लाख की सहयोग राशि भिजवाई।

करौली के झील का हार स्थित शिव कॉलोनी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर की ओर से भेजी गई ₹5 लाख की सहयोग राशि बाबा विवेकानंद महाराज को सौंपते युवा।
करौली जिला मुख्यालय के झील का हार स्थित शिव कॉलोनी में चल रही संगीतमय रामकथा और शिव भगवान मंदिर निर्माण के लिए करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर ने पांच लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है। धार्मिक आयोजन में मिली इस बड़ी सहायता के बाद आयोजन स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और सर्व हिन्दू समाज के लोगों ने पूर्व सभापति का आभार व्यक्त किया।
पूर्व सभापति की ओर से सहयोग राशि लेकर आयोजन स्थल पहुंचे जीतू शुक्ला, राम शर्मा और अन्य युवाओं ने बताया कि करौली में धार्मिक वातावरण के बीच भव्य और दिव्य रामकथा का आयोजन चल रहा है। साथ ही शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हुई है। आयोजन बाबा विवेकानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सर्व हिन्दू समाज की सहभागिता बनी हुई है। युवाओं ने बताया कि आयोजन के तहत विशाल भंडारे का भी आयोजन होने जा रहा है।
युवाओं ने पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर से मुलाकात कर मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजन के लिए सहयोग का आग्रह किया था। इस दौरान उन्हें आयोजन की भव्यता और धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। इस पर राजाराम गुर्जर ने ईश्वरीय कार्य में अपनी रुचि व्यक्त करते हुए कहा कि वह भगवान श्रीराम की विचारधारा को मानने वाले हैं और जो लोग भगवान श्रीराम की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं, ऐसे सभी सनातनी बंधुओं के साथ वह हमेशा तन, मन और धन से खड़े रहेंगे।
पूर्व सभापति ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी ओर से पांच लाख रुपये की सहयोग राशि युवा टीम के हाथों आयोजन स्थल पर भिजवाई। जब आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों को इसकी जानकारी मिली तो श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह ने राजाराम गुर्जर का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उनकी ओर से पहुंची टीम का सम्मान और स्वागत भी किया गया।
युवाओं ने बताया कि पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर निजी कारणों से राजस्थान से बाहर गए हुए हैं, जिसके चलते उनकी ओर से यह राशि युवाओं के माध्यम से भेजी गई। इस अवसर पर राम शर्मा, जीतू शुक्ला, भल्लू गुर्जर, अक्षय शर्मा, करण कश्यप, वेदु सारस्वत, हेमंत पचौरी, संजय जंगम और वरुण चतुर्वेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
धार्मिक आयोजन और मंदिर निर्माण के लिए मिले इस सहयोग को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। आयोजन समिति ने इसे सनातन धर्म और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण सहयोग बताया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
