करौली में 4 जुलाई को आयोजित रोजगार उत्सव के दौरान 1555 सफल नवनियुक्त युवाओं का भव्य स्वागत किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। यह आयोजन पचपदरा (बालोतरा) में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के समानांतर हुआ, जिसमें राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करने, विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण तथा रोजगार उत्सव कार्यक्रम शामिल रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया, जिनमें 79 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करना, 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, यमुना जल परियोजना के एमओए तथा 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र प्रदान करना प्रमुख रहा।

जिला मुख्यालय स्थित मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा रहे। इस अवसर पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित राजस्थान रिफाइनरी एवं शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण की गई विकास परियोजनाएं आगामी समय में मील का पत्थर साबित होंगी। इनके सुचारु संचालन से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और रोजगार उत्सव में भाग लेने वाले नवनियुक्त युवा देश के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।

रोजगार उत्सव के तहत जिले के लगभग 1555 सफल युवाओं का स्वागत कर उन्हें वेलकम किट वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना तथा प्रदेश में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास एवं युवाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। जिला प्रशासन के समन्वय में रोजगार उत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर महावीर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह, सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेंद्र कुमार मीणा, पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव, रमेश चंद मीना, संभाग प्रभारी बिहारी लाल बिश्नोई, जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नवनियुक्त उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story