मियाद खत्म होने के बाद भी नहीं छोड़ा कब्जा, अब पुलिस पहरे में खाली होंगी रोडवेज की 3 कैंटीन
रोडवेज प्रबंधन ने बकाया किराया और समाप्त लाइसेंस अवधि के चलते पुलिस जाप्ता मांगकर करौली बस स्टैंड की कैंटीनें खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

करौली रोडवेज बस स्टैंड पर लाइसेंस अवधि समाप्त होने के बावजूद तीन कैंटीन संचालकों ने जगह खाली नहीं की है। रोडवेज प्रबंधन की ओर से बार-बार नोटिस और हिदायत दिए जाने के बाद भी संचालकों ने कब्जा नहीं हटाया। वहीं, समय पर किराया जमा नहीं कराने के कारण उन पर नियमानुसार पेनल्टी भी लग चुकी है। अब राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के हिंडौन-करौली डिपो प्रबंधन ने प्रशासन और पुलिस की मदद से तीनों कैंटीन खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
डिपो की मुख्य प्रबंधक विनतेस मीणा ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को पत्र भेजकर बेदखली की कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पुलिस बल की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई कर कैंटीनों को खाली कराने की तैयारी है।
प्रबंधन के अनुसार, तीनों कैंटीन संचालकों की लाइसेंस अवधि काफी पहले समाप्त हो चुकी है। नियमानुसार कैंटीन संचालकों के लिए हर महीने समय पर किराया जमा कराना अनिवार्य है, लेकिन तीनों संचालकों ने आज तक समय पर किराया राशि जमा नहीं कराई। लंबे समय तक किराया बकाया रहने के कारण उन पर नियमानुसार पेनल्टी भी लगाई गई है। इसके अलावा कैंटीनों का बिजली बिल भी बकाया चल रहा है।
रोडवेज प्रबंधन अब बस स्टैंड परिसर की तीनों कैंटीनों के लिए नई निविदा प्रक्रिया शुरू करना चाहता है, ताकि निगम को राजस्व का नुकसान न हो। पुराने लाइसेंसधारियों का कब्जा बना रहने के कारण नई निविदा प्रक्रिया अटकी हुई है।
कैंटीन खाली कराने की कार्रवाई के दौरान किसी भी संभावित विवाद या शांति भंग की स्थिति से निपटने के लिए डिपो प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है। पुलिस जाप्ता उपलब्ध होते ही तीनों कैंटीनों को खाली करवाकर रोडवेज परिसर को कब्जामुक्त कराया जाएगा। इसके तुरंत बाद नई निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।
मुख्य प्रबंधक विनतेस मीणा ने कहा कि तीनों कैंटीन संचालकों ने आज तक किराया राशि समय पर जमा नहीं करवाई। उन्हें लगातार नोटिस दिए जाते रहे हैं। नियमानुसार हर माह किराया जमा करवाना अनिवार्य है और देरी होने पर पेनल्टी भी लगाई जाती है। अब लाइसेंस अवधि समाप्त होने के बाद कैंटीन खाली कराने के लिए प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा गया है। पुलिस जाप्ता मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद करौली रोडवेज बस स्टैंड की तीनों कैंटीनों को खाली कराकर उनके लिए नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ होगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
