करौली में सड़क चौड़ीकरण से लेकर युवा संबल योजना तक बड़े अपडेट, पंचायत चुनाव की तारीखें घोषित
सड़क निर्माण, युवा संबल योजना में अटेंडेंस, डीबीटी वाउचर और पंचायत समिति चुनाव को लेकर तिथियां व गाइडलाइंस जारी।

करौली जिले में सड़क चौड़ीकरण, मुख्यमंत्री युवा संबल योजना, अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना और पंचायतीराज आम चुनाव-2026 से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक अपडेट सामने आए हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने एमबीआर 275 से बूचीपुरा सड़क पर जंगल सफाई का कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी है। वहीं, युवा संबल योजना के लाभार्थियों की उपस्थिति 25 अक्टूबर तक अपलोड करनी होगी। अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को किराए के कमरे के लिए प्रतिमाह 2000 रुपये की सहायता मिलेगी। इसके अलावा, हिण्डौन, श्रीमहावीरजी एवं शेरपुर-सूरौठ पंचायत समितियों के सदस्य पदों के चुनाव के लिए 19 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी।
करौली, 16 अक्टूबर। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता शरत लाल मीणा ने 16 अक्टूबर 2026 को एक समाचार पत्र में प्रकाशित सड़क चौड़ीकरण संबंधी खबर पर अधिशाषी अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग खण्ड सपोटरा से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि एमबीआर 275 से बूचीपुरा सड़क को बजट घोषणा 2026-27 के तहत एसआरएफ नोन पेचेबल, मिसिंग लिंक में स्वीकृति मिली है। इस सड़क पर वर्तमान में जंगल सफाई का कार्य प्रगति पर है। सड़क की सीमा का निर्धारण कराने के लिए सक्षम स्तर पर तहसीलदार सपोटरा को राजस्व टीम गठित कर सीमा ज्ञान की कार्रवाई करने के संबंध में पत्राचार किया गया है। सीमा ज्ञान की कार्रवाई पूरी होते ही सड़क पर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत इंटर्नशिप कर रहे आशार्थियों की उपस्थिति अपलोड करने की समयसीमा भी निर्धारित की गई है। उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक राजेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा संबल योजना-2021 के अंतर्गत इंटर्नशिप कर रहे आशार्थियों की अप्रैल से सितंबर 2026 तक की उपस्थिति नए पोर्टल ईईएमएस 2.0 पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को 25 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी। निर्धारित तिथि के बाद अपलोड की गई उपस्थिति के आधार पर बिल तैयार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी आशार्थियों को अपने कार्यालयाध्यक्ष से संपर्क कर समय पर उपस्थिति अपलोड करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमानुसार समय पर बिल तैयार करने की कार्रवाई की जा सके।
इधर, अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को आवास, भोजन और बिजली-पानी जैसी सुविधाओं के खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी बबलू शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, करौली की ओर से संचालित इस योजना के तहत अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। योजना उन विद्यार्थियों के लिए है, जो पढ़ाई के लिए जिला मुख्यालयों पर संचालित राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के अंतर्गत अध्ययन कर रहे हैं तथा अपने घर से दूर दूसरे शहर में किराए के कमरे में रहते हैं।
योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को आवास, भोजन और बिजली-पानी सहित अन्य सुविधाओं के लिए प्रतिमाह 2000 रुपये की पुनर्भरण राशि दी जाएगी। यह सहायता प्रतिवर्ष अधिकतम 10 माह के लिए देय होगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किए जा सकेंगे। विद्यार्थी ई-मित्र या एसएसओ आईडी के माध्यम से एसजेएमएस पोर्टल पर जनाधार कार्ड के जरिए आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, शर्तों और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देशों का विस्तृत विवरण विभाग की वेबसाइट ेरम.तंरंेजींदण्हवअण्पद पर उपलब्ध है।
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत करौली जिले की हिण्डौन, श्रीमहावीरजी एवं शेरपुर-सूरौठ पंचायत समितियों में सदस्य पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया भी शुरू होने जा रही है। तृतीय चरण के इन चुनावों के लिए सोमवार, 19 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश प्रसाद गौड़ ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीनों पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया संचालित होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से नियम 58 के अंतर्गत सोमवार, 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी शुक्रवार, 23 अक्टूबर तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि सोमवार, 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होते ही उसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी और उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जगदीश प्रसाद गौड़ ने चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्वाचन संबंधी सभी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है।
इन प्रशासनिक निर्देशों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए सीमा ज्ञान की कार्रवाई, युवा संबल योजना में उपस्थिति अपलोड करने की समयसीमा, विद्यार्थियों के लिए आवास सहायता के आवेदन और पंचायत समिति सदस्य चुनाव की नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी की जानी है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
