करौली मार्ग स्थित गांव रीठौली के पोखरन खेल मैदान में सर्वसमाज की ओर से आयोजित नाइट प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं भामाशाह रामनिवास मीना तथा विशिष्ट अतिथि रविंद्र मीना ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। आयोजन समिति और ग्रामीणों ने दोनों अतिथियों का 31 मीटर साफा एवं माला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया।

ग्रामीण बबलू मीना, दिनेश ठेकेदार, औतार मीना और राजेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं तथा प्रतिदिन रात्रि में रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। समारोह में अन्य अतिथियों का भी साफा और माला पहनाकर सम्मान किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि रामनिवास मीना ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 2 लाख 51 हजार रुपए की नकद सहयोग राशि प्रदान की। उनकी घोषणा के बाद खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया।

मुख्य अतिथि रामनिवास मीना ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना की सीख देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बड़ा मंच साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन में सफलता के सबसे मजबूत माध्यम हैं तथा युवा खेलों के जरिए अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन कर सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि रविंद्र मीना ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करती हैं। खेलों से युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला टोडाभीम और फैलीपुरा टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टोडाभीम टीम ने 10 ओवर में 123 रन का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में फैलीपुरा की टीम 10 ओवर में केवल 64 रन ही बना सकी। टोडाभीम टीम ने 59 रन से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह में संतेराम, बबलू मीणा, दिनेश ठेकेदार, राजेंद्र, रामअवतार, धर्मपाल, माधौ, जीवन, रघुनाथ, छुट्टन, भूर सिंह, बाबू, विजेंद्र, कल्ला सैनी, परसू लाल, दीनदयाल, शिवचरण, प्रेमसिंह, रामकिशोर, माखनलाल, बाबू मीना, खिलाड़ी और मोहरसिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। रीठौली में आयोजित यह नाइट प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ ग्रामीण खेल संस्कृति को भी नई पहचान दे रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story