पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव संबंधी पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन कार्यों से जुड़े अधिकारियों को सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराए जा सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने चुनावों के सफल संचालन के लिए गठित विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए सभी दायित्व समन्वय के साथ निर्धारित समय से पहले पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन संबंधी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संपूर्ण निर्वाचन कार्यों के समन्वयन, नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग कार्य प्रकोष्ठ, मतदान एवं मतगणना दल गठन प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, कानून व्यवस्था एवं लेखा प्रकोष्ठ, पर्यवेक्षण प्रकोष्ठ, सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ, यातायात पीएलओ प्रकोष्ठ, रूट चार्ट प्रकोष्ठ, डाक मतपत्र एवं ईडीसी प्रकोष्ठ, मतपत्र मुद्रण प्रकोष्ठ, भुगतान प्रकोष्ठ, मैटेरियल मैनेजमेंट प्रकोष्ठ, आंकड़ा प्रकोष्ठ, मीडिया एमसीएमसी प्रकोष्ठ, सोशल मीडिया प्रकोष्ठ, आईटी एवं आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ, नियंत्रण कक्ष प्रकोष्ठ, निर्वाचन व्यय लेखा मॉनिटरिंग प्रकोष्ठ, सुविधा प्रकोष्ठ, ईवीएम प्रकोष्ठ, वीडियोग्राफी प्रकोष्ठ, शिकायत निवारण एवं वोटर हेल्पलाइन प्रकोष्ठ, ट्रांसजेंडर व दिव्यांग मतदाता सहायता प्रकोष्ठ, मतदान कर्मी कल्याण प्रकोष्ठ, संचार व्यवस्था प्रकोष्ठ तथा आरओ स्तरीय कार्य प्रकोष्ठ के कार्यों एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर महावीर सिंह ने चुनावों के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और समन्वित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश चंद मीना, उपखण्ड अधिकारी करौली प्रेमराज मीना, एडीपीएस अनिल जैन, कोषाधिकारी अवधेश कुमार, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मसिंह मीना, उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक चेतराम मीना, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र कुमार मीना सहित संबंधित प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में चुनाव संबंधी सभी तैयारियों को समन्वित एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story