पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत करौली जिले में तीसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण के बाद 253 मतदान बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ एवं श्रीमहावीरजी पंचायत समिति क्षेत्रों की 76 ग्राम पंचायतों में मंगलवार, 3 नवम्बर को मतदान होगा। वहीं, चौथे चरण के लिए पांच पंचायत समिति क्षेत्रों में 481 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के बीच विभिन्न पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन का सिलसिला भी जारी है।

करौली में तृतीय चरण के मतदान के लिए मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण सोमवार को राजकीय महाविद्यालय, करौली में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अक्षय गोदारा के निर्देशन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मतदान दलों को निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए निर्वाचन सामग्री के साथ रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में मतदान दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।

उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया का पालन करने, सूची के अनुसार मतदान सामग्री की जांच कर उसकी प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सावधानियों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका समाधान करने के लिए भी कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तृतीय चरण में पंचायत समिति हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ एवं श्रीमहावीरजी की कुल 76 ग्राम पंचायतों के 253 मतदान बूथों पर मतदान कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त तीनों पंचायत समितियों के 17-17 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए भी मतदान होगा। सभी बूथों पर पांच-पांच सदस्यों की पोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन सामग्री के उपयोग, मतदान केन्द्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा मतदाताओं को सुगमतापूर्वक मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक बूथ पर दो-दो गार्ड तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक लोकेशन यानी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक दिन का स्टेटिक जाब्ता भी लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगभग 40 मोबाइल पार्टीज तैनात की गई हैं। इसके अलावा क्रिटिकल बूथों पर एक चार का अलग से जाब्ता रहेगा।

इस दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी जगदीश प्रसाद गौड़, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, एडीपीआर धर्मेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं मतदान दलों के सदस्य मौजूद रहे।

इधर, चुनाव पर्यवेक्षक प्रहलाद सहाय नागा ने सोमवार को राजकीय महाविद्यालय, करौली में मतदान दलों की रवानगी से पहले आयोजित प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

चुनाव पर्यवेक्षक ने मतदान कार्मिकों से अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण करने को कहा। उन्होंने मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार करने, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) जगदीश प्रसाद गौड़, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, एडीपीआर धर्मेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक एवं मतदान दलों के सदस्य उपस्थित रहे।

जिले में तृतीय चरण के मतदान के लिए मंगलवार, 3 नवम्बर को पंचायत समिति हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ एवं श्रीमहावीरजी के पंचायत समिति सदस्य पदों तथा जिला परिषद के निर्धारित वार्डों के लिए मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने आमजन से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अधिकाधिक मतदान करने की अपील की है।

उन्होंने मतदाताओं से सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता विशेष रूप से ‘हैप्पी आवर्स’ में मतदान कर अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनें। प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करने तथा अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

तृतीय चरण की मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिले के निर्धारित मतदान केन्द्रों पर 3 से 6 नवम्बर 2026 तक स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने बताया कि यह अवकाश पंचायत समिति हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ एवं श्रीमहावीरजी क्षेत्रों के निर्धारित मतदान केन्द्रों पर लागू होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा, जबकि संबंधित मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगे।

वहीं, पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के लिए पंचायत समिति सपोटरा, मण्डरायल, कुड़गांव, टोडाभीम एवं बालघाट क्षेत्रों में कुल 481 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अक्षय गोदारा ने राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 30(3) के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पंचायत समिति सपोटरा में 102, मण्डरायल में 93, कुड़गांव में 107, टोडाभीम में 82 तथा बालघाट में 97 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मण्डरायल के दो एवं बालघाट का एक अतिरिक्त मतदान केन्द्र भी शामिल है। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान केन्द्रों की सूची अपने कार्यालय, पंचायत समिति कार्यालय तथा संबंधित वार्डों के कम से कम दो प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केन्द्र की जानकारी आसानी से मिल सके।

दूसरी ओर, पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार, 2 नवम्बर को सपोटरा में 40 अभ्यर्थियों ने कुल 45 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त वार्डवार विवरण के अनुसार वार्ड संख्या 1 में दो अभ्यर्थियों ने दो नामांकन पत्र, वार्ड संख्या 3 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 4 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 5 में सात अभ्यर्थियों ने नौ, वार्ड संख्या 6 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 7 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 9 में तीन अभ्यर्थियों ने चार, वार्ड संख्या 11 में सात अभ्यर्थियों ने सात, वार्ड संख्या 12 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 13 में तीन अभ्यर्थियों ने चार, वार्ड संख्या 14 में पांच अभ्यर्थियों ने छह, वार्ड संख्या 15 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 16 में पांच अभ्यर्थियों ने पांच तथा वार्ड संख्या 17 में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

पंचायत समिति मण्डरायल में सोमवार को 37 अभ्यर्थियों ने कुल 41 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। वार्डवार विवरण के अनुसार वार्ड संख्या 1 में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र, वार्ड संख्या 2 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 3 में चार अभ्यर्थियों ने छह, वार्ड संख्या 4 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 5 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 6 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 7 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 9 में सात अभ्यर्थियों ने आठ, वार्ड संख्या 11 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 12 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 13 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 14 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 15 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 16 में तीन अभ्यर्थियों ने चार तथा वार्ड संख्या 17 में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस प्रकार अब तक मण्डरायल में कुल 40 अभ्यर्थियों ने 45 नामांकन पत्र भरे हैं।

पंचायत समिति टोडाभीम में सोमवार, 2 नवम्बर को 53 अभ्यर्थियों ने कुल 74 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त विवरण के अनुसार वार्ड संख्या 1 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन नामांकन पत्र, वार्ड संख्या 2 में सात अभ्यर्थियों ने नौ, वार्ड संख्या 3 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 4 में पांच अभ्यर्थियों ने सात, वार्ड संख्या 5 में दो अभ्यर्थियों ने चार, वार्ड संख्या 6 में दो अभ्यर्थियों ने तीन, वार्ड संख्या 7 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 8 में तीन अभ्यर्थियों ने छह, वार्ड संख्या 9 में चार अभ्यर्थियों ने छह, वार्ड संख्या 10 में एक अभ्यर्थी ने एक, वार्ड संख्या 11 में दो अभ्यर्थियों ने दो, वार्ड संख्या 12 में छह अभ्यर्थियों ने सात, वार्ड संख्या 13 में एक अभ्यर्थी ने दो, वार्ड संख्या 14 में एक अभ्यर्थी ने दो, वार्ड संख्या 15 में चार अभ्यर्थियों ने सात, वार्ड संख्या 16 में चार अभ्यर्थियों ने सात तथा वार्ड संख्या 17 में तीन अभ्यर्थियों ने तीन नामांकन पत्र दाखिल किए।

करौली जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तीसरे और चौथे चरण की तैयारियों के साथ मतदान केन्द्रों की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण और नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां जारी हैं। तीसरे चरण के मतदान के लिए 3 नवम्बर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Updated On
Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story