करौली में पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने उतरे कलेक्टर अक्षय गोदारा और SP, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा और एसपी लोकेश सोनवाल ने मण्डरायल के मतदान केन्द्रों व स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

करौली के डीएम अक्षय गोदारा और एसपी लोकेश सोनवाल मण्डरायल में पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा करते दिख रहे हैं।
करौली में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार, 11 नवम्बर को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अक्षय गोदारा और जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने पंचायत समिति मण्डरायल क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ग्राम पंचायत पांचोली, जाखोदा और मण्डरायल के विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतदान केन्द्रों पर मतदान कक्षों की व्यवस्था, मतदाताओं के प्रवेश और निकास के इंतजाम, पेयजल, विद्युत, छाया तथा बैठने की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्ट्रॉन्ग रूम के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रवेश नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तथा निर्वाचन सामग्री की सुरक्षित अभिरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना करने और स्ट्रॉन्ग रूम में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को सतर्क रहने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और मतदान के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प, आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, स्वयंसेवकों की सहायता, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी मण्डरायल सहित संबंधित अधिकारी, पुलिस एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों की सुविधाओं, निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
