करौली: नादौती एसडीएम काजल मीणा और दो बाबू 60 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप
सवाई माधोपुर एसीबी ने जमीन तकासमा के बदले रिश्वत लेते एसडीएम और दो रीडर को पकड़ा, मौके से 4 लाख रुपए की अतिरिक्त नकदी भी बरामद की गई।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध राजस्थान में कड़ा प्रहार करते हुए सवाई माधोपुर एसीबी की टीम ने करौली जिले की नादौती एसडीएम काजल मीणा और उनके दो अधीनस्थ बाबुओं को रिश्वत की मोटी रकम के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुई इस बड़ी कार्रवाई ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। मदन मोहन गर्ग के अनुसार, एसीबी ने नादौती एसडीएम कार्यालय में चल रहे भ्रष्टाचार के खेल का पर्दाफाश करते हुए एसडीएम काजल मीणा, रीडर प्रवीण और दिनेश को गिरफ्तार किया है।
सवाई माधोपुर एसीबी के एडिशनल एसपी ज्ञान सिंह ने बताया कि नादौती एसडीएम कार्यालय में लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसी दौरान एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई कि जमीन के तकासमा का फैसला देने के एवज में उससे 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और 16 अप्रैल की शाम को जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि रीडर प्रवीण और दिनेश को सौंपी, एसीबी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बाबुओं सहित एसडीएम काजल मीणा को दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी को मौके से न केवल रिश्वत के 60 हजार रुपए मिले, बल्कि टीम ने 4 लाख रुपए की अतिरिक्त नगदी भी बरामद की है। इतनी बड़ी मात्रा में मिली संदिग्ध नकदी के संबंध में एसीबी के अधिकारी अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं। यह घटना प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार की जड़ों को उजागर करती है और शासन की सुचिता पर कड़ा सवाल खड़ा करती है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
