करौली: अपना घर आश्रम में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 78 प्रभुजियों की जांच
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई ने बेसहारा लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई, करौली के तत्वावधान में महवा रोड स्थित अपना घर आश्रम में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आश्रम में आवासरत 78 प्रभुजियों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाइयां और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
आश्रम के अध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि आश्रम में रह रहे प्रभुजियों की मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की जांच, परामर्श और उपचार के लिए जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई द्वारा नियमित रूप से कैंप लगाए जाते हैं। इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रभुजियों के मानसिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय और सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।
शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीना ने आश्रम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि करौली जिला और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस एवं बेसहारा अवस्था में घूम रहे मानसिक रोगियों की देखभाल और उनके मानसिक स्वास्थ्य सुधार के लिए आश्रम का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभुजियों को उच्चस्तरीय भोजन, सुरक्षित आवास और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जो पीड़ित मानवता की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि आसपास कोई व्यक्ति लावारिस या बेसहारा अवस्था में मानसिक रोग से पीड़ित दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई या अपना घर आश्रम को दें, ताकि ऐसे प्रभुजनों का ससम्मान रेस्क्यू कर उनका समुचित उपचार और पुनर्वास कराया जा सके।
शिविर के समापन पर मनोरोग विभाग करौली के सीआरए गौरव शर्मा ने आमजन से प्रभुजियों को सामाजिक और भावनात्मक सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई बेहतर मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की मानसिक एवं भावनात्मक समस्या होने पर टेलीमानस टोल फ्री नंबर 14416 पर कॉल कर निशुल्क परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीना, साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल और सीआरए गौरव शर्मा की टीम ने सभी 78 प्रभुजियों का गहन मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और काउंसिलिंग उपलब्ध कराई। यह शिविर बेसहारा और मानसिक रूप से पीड़ित लोगों के उपचार, पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )
नाम: धीरज कुमार शर्मा
वर्तमान पद: हिंडौन संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, कला और धार्मिक गतिविधियां
परिचय
धीरज कुमार शर्मा राजस्थान के करौली जिले के अंतर्गत आने वाले हिंडौन सिटी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह हिंडौन के स्थानीय समाचारों के साथ-साथ विशेष रूप से राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसके अलावा, कला और धार्मिक विषयों पर भी उनकी अच्छी पकड़ है और वह इन क्षेत्रों में भी रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
धीरज कुमार शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 15 साल का लंबा अनुभव है:
- वह पिछले तीन वर्ष से लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और हिंडौन क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
- 'प्रातः काल' से पहले उन्होंने 10 साल तक 'राष्ट्रदूत' अखबार में कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री प्राप्त की है।
