विकास की ओर अग्रसर करौली जिले में चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने सोमवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज का धरातलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बहुमंजिला इमारतों के निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने गर्ल्स एवं बॉयज छात्रावास, स्टाफ एवं फैकल्टी क्वार्टर्स, आईसीयू ब्लॉक, नर्सिंग कॉलेज एवं नर्सिंग छात्रावास सहित मुख्य द्वार से नर्सिंग कॉलेज तक बनने वाली सड़क जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक मनोज श्रीवास्तव एवं सहायक अभियंता नीलम मीणा से निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने हेतु पाबंद किया।

कलेक्टर अक्षय गोदारा ने मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग कॉलेज तक पहुंच मार्ग के डामरीकरण, डब्लूबीएम कार्य तथा सड़क के दोनों ओर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाउंड्री वॉल को वांछित ऊंचाई तक पूर्ण करने, गर्ल्स हॉस्टल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कांच लगवाने, जीआरसी सेफ्टी नेट स्थापित करने और शेष खिड़कियों में ग्लास फिटिंग के कार्य को अविलंब पूरा करने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त, प्लंबिंग, दरवाजों के कार्य और फिक्स्चर इंस्टालेशन जैसे सिविल कार्यों को जल्द समाप्त करने के साथ-साथ एसटीपी के समयबद्ध निर्माण हेतु अतिरिक्त टीमें तैनात करने और इंडोर स्टेडियम के कार्य में श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर गति लाने की हिदायत दी।

संस्थान के सुचारू संचालन को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, मलबे के निस्तारण और आवासीय भवनों व फैकल्टी क्वार्टर के कार्यों को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी मीणा, पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेंद्र कुमार मीना सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संवेदक प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story