करौली में गूंजे भारत माता के जयघोष, प्रभारी मंत्री बेढ़म ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी
करौली में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा रवाना की। जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साह से भाग लिया।

तस्वीर में करौली में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा में हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामे राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और अन्य लोग नजर आ रहे हैं।
करौली में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आजादी के राष्ट्रीय पर्व को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से जिले में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे अभियान के तहत निकली इस यात्रा को गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य राज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मुंशी त्रिलोक चंद्र माथुर स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा रवाना करने से पूर्व जिला प्रभारी एवं राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने देश के स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए आमजन से राष्ट्रीय पर्व को जन-उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का एक अनूठा माध्यम है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से देशहित में आगे आकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
मुंशी त्रिलोक चंद्र माथुर स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा हिंडौन गेट, फूटा कोट, सब्जी मंडी, बड़ा बाजार, बजीरपुर गेट होते हुए कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में 17 अगस्त तक जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत तिरंगा प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा, तिरंगा एवं वंदे मातरम् आधारित प्रदर्शनी एवं मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। इस अवसर पर करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेंद्र कुमार मीणा एवं संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा के माध्यम से करौली में अभियान की जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
