करौली: ग्राम रथ अभियान शुरू, विधायक दर्शन सिंह और हंसराज ने दिखाई हरी झंडी
ग्राम-2026 और सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए 15 दिवसीय रथ अभियान शुरू, सुझाव पेटिका के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का होगा समाधान।

करौली में मंगलवार को ग्राम रथ अभियान के शुभारंभ के दौरान विधायक दर्शन सिंह गुर्जर (बाएं) और सपोटरा विधायक हंसराज मीना (दाएं) एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए।
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को विधानसभावार 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर तथा सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने संयुक्त रूप से एलईडी वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए यह रथ अभियान संचालित किया जा रहा है। रथ में सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कर सकेंगे। इन सुझावों और शिकायतों के आधार पर विकास का खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एलईडी वैन अभियान का उद्देश्य जनता को जागरूक करना, सरकार के प्रति विश्वास बढ़ाना और योजनाओं के अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी समय पर पहुंचेगी, जिससे आमजन अपनी आवश्यकता अनुसार योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। यह पहल सरकार के “समृद्ध किसान खुशहाल राजस्थान” संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने कहा कि ग्राम रथ पंचायतों में पहुंचकर किसानों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। सुझाव पेटिका में प्राप्त समस्याओं और सुझावों को 12 मई के बाद संकलित कर सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे किसानों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों करौली, टोडाभीम, सपोटरा और हिण्डौन में लगातार 15 दिनों तक यह अभियान संचालित होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ग्राम रथ 4 से 5 ग्राम पंचायतों में लगभग एक-एक घंटे तक वीडियो और ऑडियो संदेशों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्राम-2026 का प्रचार-प्रसार करेगा।
राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों और पशुपालकों को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन आधारित इस जन-जागरूकता ग्राम रथ अभियान का संचालन 28 अप्रैल से 15 दिनों तक किया जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिड़वाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मसिंह मीणा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ गंगासहाय मीणा, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेंद्र कुमार मीना, हिण्डौन की पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, सहभागिता और विकास योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
