करौली: कलेक्टर अक्षय गोदारा ने किया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण
आगामी मानसून के मद्देनजर जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला कलेक्टर ने बंद पड़ी प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट को 10 दिन में शुरू करने और नालों की सफाई के निर्देश दिए।

करौली में बुधवार को आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा (नीली शर्ट में) अधिकारियों के साथ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए।
करौली में बुधवार को प्रशासनिक सक्रियता उस समय देखने को मिली जब जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने जिला मुख्यालय स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पंप हाउस तथा विभिन्न नालों की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शहर की जल निकासी प्रणाली और सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने सीवरेज प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की और नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के सुचारू संचालन हेतु बंद पड़ी प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट को शीघ्र प्रभाव से पुनः चालू कराया जाए। उन्होंने शहर में जलभराव की आशंका को देखते हुए नालों की सफाई कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर ने तीन दरवाजों की पाल पर मिट्टी डालकर आवश्यक सपोर्ट संरचना तैयार कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नालों पर हुए अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और उसे तत्काल प्रभाव से हटवाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जेसीबी और ट्रैक्टर मशीनों की सहायता से नालों की सफाई का कार्य आगामी 10 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि बरसात के दौरान आमजन को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस औचक निरीक्षण ने प्रशासन की तैयारियों और शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीरता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
