करौली, 22 अप्रैल। भीषण गर्मी के बीच पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जल वितरण प्रणाली, पानी की टंकियों की क्षमता, पम्प हाउस और नलकूपों की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

कलेक्टर ने शहरी योजना के अंतर्गत पीएचईडी कार्यालय, पीजी कॉलेज के पीछे, प्राइवेट बस स्टैंड, गणेश गेट, मेला मैदान, गुलाबबाग, स्टेडियम, तीन बड़, मासलपुर गेट और कृषि मंडी रणगवां ताल स्थित पम्प हाउस एवं पानी की टंकियों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जेजेएम (ग्रामीण) योजना के तहत बिरवास-मांची पम्प हाउस का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टंकियों की साफ-सफाई, जल भंडारण क्षमता और वितरण समय की विस्तृत जानकारी ली गई।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राईजिंग मेन पाइपलाइन पर अवैध जल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल हटाने और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रकाश चंद मीणा को दिए। साथ ही पानी सप्लाई के दौरान बूस्टर लगाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी पेयजल आपूर्ति में व्यवधान सामने आए, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त टंकियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और क्लोरीनीकरण की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रकाश चंद्र मीणा, अधिशासी अभियंता विजय कुमार मीणा, सहायक अभियंता गज्जू जाटव, हेमेन्द्र कुमार प्रजापति, जे.पी मीणा, कनिष्ठ अभियन्ता अखलेश कुमार जादौन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

यह निरीक्षण न केवल पेयजल व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है, बल्कि प्रशासन की सख्ती और आमजन को निर्बाध व शुद्ध जल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story