रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने सुनी जनसमस्याएं, 15 दिन में निस्तारण के दिए निर्देश
करौली के ग्राम पंचायत कोटा छाबर में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने जनसमस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को 15 दिन में लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए।

तस्वीर में करौली जिला कलक्टर अक्षय गोदारा कोटा छावर ग्राम पंचायत भवन में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आ रहे हैं।
करौली, 1 अगस्त। आमजन की समस्याओं की सुनवाई और उनके त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिला कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचायत समिति मासलपुर की ग्राम पंचायत कोटा छाबर में रात्रि चौपाल के दौरान जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने परिवादियों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान रास्ता निर्माण, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरण प्राप्त हुए। जिला कलक्टर ने प्रत्येक प्रकरण की व्यक्तिगत सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने रात्रि चौपाल एवं सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त और लंबित प्रकरणों का 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और त्वरित समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
रात्रि चौपाल के दौरान विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जिला प्रशासन ने विशेष जोर दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
