जनगणना 2027: करौली जिला कलक्टर ने पोर्टल पर भरी अपनी स्व-गणना
जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने ऑनलाइन पोर्टल के जरिए स्व-गणना फॉर्म भरकर जिले में अभियान की शुरुआत की और कार्मिकों को भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

करौली में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के दौरान अपने कार्यालय में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करते जिला कलक्टर अक्षय गोदारा।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत शुरू हुए स्व-गणना अभियान को गति देते हुए जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अक्षय गोदारा ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना फार्म भरा। उनके इस कदम ने जिले में अभियान को औपचारिक रूप से सक्रिय दिशा प्रदान की।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने कहा कि डिजिटल युग में जनगणना प्रक्रिया को सुगम और सटीक बनाने के लिए स्व-गणना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि 1 मई से 15 मई तक जिले का कोई भी नागरिक पोर्टल ीजजचेरू??ेमण्बमदेनेण्हवअण्पद पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी साझा कर सकता है।
अभियान के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी अपनी गणना प्रक्रिया पूर्ण की और विभागीय स्तर पर समस्त कार्मिकों को इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी और उनके परिवार की स्व-गणना सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी आमजन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त डेटा ही भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं का आधार बनता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा पोर्टल पर दी गई समस्त जानकारी पूर्णतः सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी। “हमारी जनगणना, हमारा विकास” के संकल्प के साथ करौली जिले को इस अभियान में अग्रणी बनाने का आह्वान किया गया। इस दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक गंगासहाय मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय कार्मिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
