करौली में जनगणना 2027 के मैदानी कार्यों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जनगणना निदेशालय और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने प्रगणकों के ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि कार्य की समीक्षा की, पर्यवेक्षकों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

करौली जिले के श्री महावीरजी क्षेत्र में शनिवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और नजरी नक्शा निर्माण कार्य का निरीक्षण करते सहायक निदेशक विशाल गर्ग, उप जिला जनगणना अधिकारी मुकेश कुमार, जिला समन्वयक हिमांशु गोयल व अन्य स्टाफ।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्य के तहत जिले में चल रहे फील्ड कार्यों का जनगणना निदेशालय और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सघन निरीक्षण किया। जिले में नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा 2762 जनगणना ब्लॉकों में तैयार किए जा रहे नजरी नक्शों, मकानों पर नंबर अंकन तथा परिवारों से मूलभूत सुविधाओं, सदस्यों की संख्या, विवाहित दंपति और मकानों में प्रयुक्त सामग्री से संबंधित 33 प्रश्नों की जानकारी HLO App पर ऑनलाइन दर्ज किए जाने की प्रक्रिया का मौके पर जाकर परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों और निदेशालय टीम द्वारा कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई। 22 मई 2026 को करौली ब्लॉक के कल्याणी, केला देवी मंडरायल ब्लॉक के लांगरा, गढ़ी का गांव और बाटदा क्षेत्रों में फील्ड निरीक्षण किया गया। वहीं 23 मई 2026 को श्री महावीरजी क्षेत्र के चंदन गांव, कौड़ियां तथा नादौती ब्लॉक की केमला, कैमरी, शहर और बागोर ग्राम पंचायत की HLB का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में सहायक निदेशक विशाल गर्ग, उप जिला जनगणना अधिकारी मुकेश कुमार और जिला समन्वयक हिमांशु गोयल शामिल रहे। इस दौरान चार्ज जनगणना स्टाफ और सभी प्रगणक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर फील्ड कार्य की प्रगति, ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि और नक्शा निर्माण कार्य का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर पर्यवेक्षकों द्वारा प्रगणकों को अपेक्षित सहयोग नहीं दिए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए सभी पर्यवेक्षकों को फील्ड में पूरी जिम्मेदारी के साथ उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक स्तर पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
