करौली में सामाजिक सेवा और मानवता के क्षेत्र में सक्रिय जीवन ज्योति फाउंडेशन द्वारा 24 मई 2026 को आयोजित होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा एवं अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक गुमानाराम ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने संस्था की समाजहित में की जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए रक्तदान को मानवता का महादान बताया।

जीवन ज्योति फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी मदन मोहन भास्कर ने बताया कि संस्था लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के सक्रिय सदस्य एवं समाजसेवी बबलू शुक्ला ने कहा कि कलेक्टर ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है।

संस्था के संस्थापक सदस्य एवं संचालक ओमप्रकाश डागुर ने बताया कि यह संस्था का 51वाँ रक्तदान शिविर होगा। अब तक संस्था द्वारा 13 हजार यूनिट रक्त संग्रह कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर जीवन ज्योति फाउंडेशन कार्यालय खेड़ी हेवत, सूरौठ जिला करौली में आयोजित किया जाएगा। शिविर में जयपुर के सवाई मानसिंह ट्रॉमा सेंटर ब्लड बैंक की वातानुकूलित बस के माध्यम से रक्त संग्रहण किया जाएगा।

संस्था के ओमप्रकाश पीटीआई ने बताया कि जीवन ज्योति फाउंडेशन लंबे समय से रक्तदान शिविर, अंधता निवारण शिविर, चल प्याऊ, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। आगामी शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना जताई गई है।

संस्था ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता के इस महादान में सहभागी बनें। पोस्टर विमोचन के अवसर पर संस्था के संस्थापक सदस्य एवं संचालक ओमप्रकाश डागुर, समाजसेवी बब्लू शुक्ला, मनोहरलाल गुप्ता, ओमप्रकाश पीटीआई, हरिमोहन सैनी, बृजेश पाल, रॉबी बना, जयपाल चौधरी और हरीश डागुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story