पुरुषोत्तम मास के अवसर पर मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में 22 एवं 23 मई को कैलादेवी ट्रस्ट आश्रम, करणपुर रोड कैलादेवी में दो दिवसीय विशाल धार्मिक महोत्सव आयोजित होगा। महोत्सव के तहत छप्पन भोग, विशाल भगवती जागरण, फूल बंगला झांकी और 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है तथा संस्थान के सैकड़ों कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।

संस्थान प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि 22 मई सप्तमी को प्रातः 7:30 बजे खोहरी माता मुख्य मार्ग मेन गेट से गाजे-बाजे के साथ 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। हजारों श्रद्धालु हाथों में चुनरी लेकर माता मंदिर पहुंचेंगे, जहां चुनरी, पोशाक और विशेष श्रृंगार अर्पित कर छप्पन भोग लगाया जाएगा। इसी दिन शाम 4:00 बजे आयोजन स्थल कैला देवी आश्रम से छप्पन भोग, पोशाक और 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी के साथ भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जो हजारों भक्तों की मौजूदगी में कैला देवी मंदिर पहुंचेगा और माता को अर्पित किया जाएगा।

22 मई रात्रि 9:00 बजे से आयोजन स्थल पर विशाल भगवती जागरण का आयोजन होगा। जागरण में आगरा के प्रसिद्ध म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भव्य झांकियों के साथ माता रानी का गुणगान प्रस्तुत किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान विशेष फूल बंगला झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

23 मई शनिवार अष्टमी को प्रातः 5:00 बजे मां कैला देवी को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद हवन-यज्ञ एवं कन्या पूजन का आयोजन होगा। प्रातः 10:00 बजे कैला देवी ट्रस्ट आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम संयोजक गोपाल सोनी, संस्थान अध्यक्ष दिनेश चंद, महामंत्री रमेश चंद्र तिवारी, दिनेश रीडर, राकेश मंगल, डॉ. सीताराम, महेश नरौली, राजेंद्र वैष्णव, महादेव गुप्ता, गोपाल खप्पा, वेद प्रकाश मंगल, महेश पडासोट, कैलाश सर, मथुरा, सुरेश गुप्ता, नवल किशोर बैंक वाले, घनश्याम गुप्ता, अशोक मंगल, विजय मित्तल, विनोद गुप्ता, गोविंद गुप्ता, लक्ष्मी नारायण प्रॉपर्टी, मनमोहन, केशव अग्रवाल, दिनेश मालधणी, राजेंद्र गुप्ता, सतीश गुप्ता, हनुमान शर्मा, राजेंद्र गुप्ता, मदन मोहन, देवकीनंदन सहित संस्थान के सैकड़ों कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। धार्मिक आस्था, भक्ति और भव्य आयोजन का यह महोत्सव कैलादेवी क्षेत्र में श्रद्धा का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story