कैलादेवी मेला 2026: रोडवेज की 325 स्पेशल बसें, श्रद्धालुओं को किराए में 50% छूट
xकरौली में लक्खी मेले के लिए रोडवेज ने 9 अस्थायी केंद्र और 24 घंटे बस सेवा शुरू की, हिंडौन से मात्र 40 रुपये में सफर और 1.25 करोड़ का राजस्व संग्रह।

करौली। मां कैलादेवी के वार्षिक लक्खी मेले में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में परिवहन व्यवस्था को सुचारू और किफायती बनाने के लिए रोडवेज द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेला अधिकारी सुधीर दीक्षित ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस बार व्यापक स्तर पर बस संचालन किया जा रहा है।
325 मेला स्पेशल बसें, 50% किराया छूट और 24 घंटे सेवा से यात्रा बनी आसान
दीक्षित के अनुसार, मेले के दौरान 325 बसों को “मेला स्पेशल” के रूप में चलाया जा रहा है, जिनमें यात्रियों को 50 प्रतिशत तक किराया छूट दी जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को सस्ती और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि "हिंडौन से कैलादेवी तक जहां निजी बसें 80 से 100 रुपए तक किराया ले रही हैं, वहीं रोडवेज मात्र 40 रुपए में यह सुविधा दे रहा है।"
9 अस्थायी केंद्रों से हर 15 मिनट में बस संचालन
उन्होंने कहा कि 9 अस्थायी संचालन केंद्र स्थापित कर 24 घंटे बसों का संचालन किया जा रहा है। हर 15 मिनट में बसें रवाना की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को इंतजार नहीं करना पड़ता। आगरा, धौलपुर, करौली, भरतपुर और अन्य प्रमुख स्थानों से सीधी बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है।
आय में रिकॉर्ड वृद्धि और बेहतर मॉनिटरिंग
राजस्व को लेकर दीक्षित ने बताया कि 13 मार्च से शुरू हुए संचालन में पहले 6 दिनों में ही आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है और अब तक करीब 1.25 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो चुका है। 18 मार्च को ही 36 लाख से अधिक की आय दर्ज की गई। उन्होंने आगे बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों को भी रिजर्व रखा गया है। साथ ही, कंट्रोल रूम स्थापित कर बसों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष निर्देश
ड्राइवर और कंडक्टरों को भी शालीन व्यवहार और बेहतर सेवा के निर्देश दिए गए हैं। दीक्षित ने कहा कि "इस बार की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है और वे बिना किसी परेशानी के माता के दर्शन कर पा रहे हैं।"

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
