पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वाधान में आगामी 22 और 23 मई को बिजासन खोहरी और कैला देवी धाम में भव्य छप्पन भोग महोत्सव, भगवती जागरण एवं विशाल चुनरी मनोरथ का आयोजन किया जावेगा। गंगापुर सिटी के भक्तों द्वारा प्रथम बार आयोजित किए जा रहे इस द्वि-दिवसीय महोत्सव को लेकर सोमवार को संस्थान के अध्यक्ष दिनेश चंद तमौली पुरा, गोपाल सोनी, वेद प्रकाश मंगल, कैलाश चंद सर मथुरा, सुरेश चंद्र गुप्ता टेंट, गोपाल खप्पा और लाला हलवाई सहित अन्य सदस्यों ने कैला देवी पहुंचकर माता रानी के दरबार में ढोक लगाई। संस्थान के पदाधिकारियों ने कैला देवी ट्रस्ट के अधिकारियों से संपर्क कर आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।

संस्थान के प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 22 मई, सप्तमी शुक्रवार को प्रातः 7:30 बजे बिजासन माता खोहरी गेट से होगा, जहां सैकड़ों भक्त हाथों में 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी लेकर बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के साथ जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचेंगे। वहां माता का विशेष श्रृंगार कर चुनरी भेंट की जावेगी और छप्पन भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया जावेगा। इसी क्रम में शुक्रवार शाम 5:00 बजे कैला देवी ट्रस्ट आश्रम धर्मशाला से पुनः 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी की शोभायात्रा निकाली जावेगी, जो मुख्य मंदिर पहुंचकर माता रानी को समर्पित की जावेगी। शुक्रवार रात्रि 9:00 बजे से कैला देवी आश्रम में भव्य भगवती जागरण का आयोजन होगा, जिसमें दरबार को आकर्षक फूल बंगला झांकी से सजाया जावेगा।

महोत्सव के दूसरे दिन, 23 मई शनिवार को प्रातः 5:00 बजे कैला मैया के मुख्य मंदिर में छप्पन भोग अर्पित किया जावेगा, जिसके पश्चात प्रातः 8:00 बजे हवन-यज्ञ का अनुष्ठान होगा। प्रातः 10:00 बजे से कैला देवी ट्रस्ट आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन किया जावेगा। संस्थान अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि इस अभूतपूर्व आयोजन की सफलता हेतु कैला देवी ट्रस्ट आश्रम को बुक करा लिया गया है। 22 मई को खोहरी मैया और कैला देवी मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सुसज्जित किया जावेगा तथा स्वागत हेतु जगह-जगह भव्य द्वार लगाए जावेंगे। संस्थान ने इस पुरुषोत्तम मास के पुण्यकारी छप्पन भोग महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं को सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाने का आह्वान किया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story