सवाई माधोपुर। वरिष्ठ पत्रकार, हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे एवं राजस्थान के पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ के निधन को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं जनसंपर्क कार्यालय के कार्मिकों ने वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शिष्यों और सहयोगियों ने किया याद

इस दौरान जिला पत्रकार विकास समिति के अध्यक्ष पत्रकार नरेंद्र भारद्वाज ने वरिष्ठ पत्रकार बारेठ की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। भारद्वाज ने बताया कि "वे हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में नारायण बारेठ के स्टूडेंट रहे। वह हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पहले बैच के मीडिया स्टडीज के छात्र थे। इसी विभाग के नारायण बारेठ HOD रहे। जिसके चलते उन्हें नारायण बारेठ को करीब से समझने ओर उनके निर्देशन में कुछ सीखने का मौका मिला।" बारेठ मूलतः चूरू जिले के रतनगढ़ के रहने वाले थे, जिन्होंने राजस्थान में कई दशकों तक पत्रकारिता की और राजस्थान के सूचना आयुक्त भी रहे।

सादगी और आदर्श पत्रकारिता की मिसाल

इस अवसर पर पत्रकार संगठन आई एफ डब्ल्यू जे के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि "पत्रकार नारायण बारेठ अपनी सादगी के लिए पूरे राजस्थान में जाने जाते थे। वह पत्रकारिता का जितना बड़ा नाम थे, उससे ज्यादा उनका साधारण रहना लोगों में चर्चा का विषय बना रहा करता था।" शर्मा ने आगे कहा कि "बारेठ राजस्थान में आदर्श पत्रकारिता की एक मिसाल रहे जिसका हम सभी पत्रकारों को अनुसरण करना चाहिए।" श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी पत्रकारों ने नारायण बारेठ के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित गणमान्य

श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, बजरंग सिंह, गिरिराज शर्मा, नरेंद्र भारद्वाज, अरविंद चौहान, गजानंद शर्मा, राजेश गोयल, नरेंद्र शर्मा, मुकेश सीट, मुकेश जैन, केपी सिंह, जनसंपर्क कार्यालय के किरोड़ी लाल मीना, नरेंद्र सामरिया, सादिक अली सहित कई लोग मौजूद रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story