जेईई एडवांस्ड 2026: गंगापुर सिटी के डी.एस. साइंस इंस्टीट्यूट का शानदार प्रदर्शन
संस्थान के पचास विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा उत्तीर्ण की, अखिल गुप्ता ने ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 509वीं रैंक हासिल की।

जेईई एडवांस्ड 2026 में सफल डी.एस. साइंस इंस्टीट्यूट, गंगापुर सिटी के विद्यार्थी (बाएं से दाएं): अखिल गुप्ता, तरुण मीना, सोनम मीना और नमो नारायण मीना।
गंगापुर सिटी। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2026 के घोषित परिणामों में गंगापुर सिटी स्थित डी.एस. साइंस इंस्टीट्यूट ने सफलता का अर्द्धशतक लगाकर ऐतिहासिक गौरव हासिल किया है। संस्थान के पचास विद्यार्थियों ने इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, बल्कि गंगापुर सिटी को राष्ट्रीय शैक्षणिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। संस्थान के छात्र अखिल गुप्ता ने कक्षा 12वीं के साथ परीक्षा देते हुए ईडब्ल्यूएस श्रेणी में अखिल भारतीय 509वीं रैंक अर्जित कर संभाग टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
इस उल्लेखनीय सफलता में एसटी वर्ग के विद्यार्थियों का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। एसटी श्रेणी में तरुण मीना ने अखिल भारतीय 71वीं रैंक, सोनम मीना ने 93वीं रैंक और नमो नारायण मीना ने 96वीं रैंक प्राप्त कर अपनी सफलता का परचम लहराया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही संस्थान परिसर में उत्साह का वातावरण छा गया, जहाँ विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाया। यह सफलता सिद्ध करती है कि दृढ़ निश्चय, अनुशासन और सटीक मार्गदर्शन से ग्रामीण एवं छोटे शहरों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान बना सकते हैं।
संस्थान के निदेशक इंजीनियर उमेश शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान की अनुभवी फैकल्टी, सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की कठोर मेहनत और अभिभावकों के अटूट विश्वास को दिया है। उन्होंने कहा कि डी.एस. साइंस इंस्टीट्यूट श्रेष्ठ परिणाम देने की अपनी परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है और भविष्य में भी यह शैक्षणिक पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी। संस्थान प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सफलता के इस क्रम के साथ ही संस्थान ने आगामी सत्र के लिए अपनी तैयारी भी प्रारंभ कर दी है। संस्थान के एमडी प्रदीप कुमार यादव ने जानकारी दी कि जो विद्यार्थी कक्षा 12वीं के साथ इस बार सफल नहीं हो सके हैं, उनके लिए नीट एवं जेईई हेतु विशेष 'टारगेट बैच' शुरू किए गए हैं। इन बैचों में अनुभवी फैकल्टी द्वारा नियमित टेस्ट सीरीज, विशेष मार्गदर्शन और परिणाम-उन्मुख शिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी अगले प्रयास में सफलता का नया इतिहास रच सकें। इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में डी.एस. साइंस अकेडमी, डी.एस. साइंस इंस्टीट्यूट एवं बचपन पब्लिक स्कूल, गंगापुर सिटी की सभी शाखाओं में आतिशबाजी कर हर्षोल्लास के साथ मिठाई का वितरण किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
