जाटव समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और कुरीतियों के उन्मूलन तथा सामाजिक सुदृढ़ता के उद्देश्य से जिला जाटव समाज सुधार समिति 360 गांव की एक महत्वपूर्ण बैठक सिकरौदा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष हट्टीराम ठेकेदार ने की, जिसमें हिंडौन तहसील की कार्यकारिणी सहित समस्त सिकरौदा क्षेत्र की सरदारी की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान 18 जनवरी 2026 को श्रीमहावीरजी की पावन धरा पर आयोजित विशाल आमसभा में पारित 5 नियमों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इन नियमों का उद्देश्य समाज को शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाना तथा व्याप्त कुरीतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

चर्चा के उपरांत समाज में लगन भात, जामना और गोद भराई जैसे अवसरों पर कपड़े देने की प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही जाटव बस्तियों में अवैध शराब के ठेके, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर पूर्ण पाबंदी लागू करने पर सहमति बनी। मृत्यु भोज के दौरान कच्चा-पक्का भोजन तैयार करने की परंपरा को समाप्त कर केवल चाय-पानी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त शादी के बाद समदौरा प्रथा पर पूर्ण रोक लगाते हुए केवल श्रद्धानुसार रुपए देकर रस्म निभाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

समिति के प्रवक्ता रिंकू खेड़ीहैवत ने स्पष्ट किया कि इन नियमों की अवहेलना करने वाले व्यक्ति या गांव को सामाजिक और कानूनी दंड का भागीदार बनाया जाएगा। समिति ने हिंडौन तहसील की समस्त जनता से अपील की कि वे इन नियमों का ईमानदारी से पालन सुनिश्चित करें और 360 गांवों की समिति को प्रदेश में अव्वल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

यह बैठक सामाजिक सुधार की दिशा में एक सख्त और संगठित पहल के रूप में सामने आई है, जो जाटव समाज में अनुशासन, समानता और प्रगतिशील बदलाव की नई दिशा तय करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story