जैसलमेर में वरिष्ठ पत्रकार की आजीविका पर प्रशासन द्वारा चलाए गए बुलडोजर के प्रकरण ने अब राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर विषय को लेकर इंडियन फ़ेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की जोधपुर जिला इकाई के अध्यक्ष प्रदीप जोशी के नेतृत्व में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने वरिष्ठ पत्रकार एवं इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ की आजीविका पर हुए प्रहार को लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करार दिया है।

ज्ञापन में विस्तार से उल्लेख किया गया है कि प्रशासन ने छल पूर्वक कागजी कार्रवाई को अंजाम देकर राठौड़ की आजीविका पर बुलडोजर चलाया, जिससे उन्हें करोड़ों रुपए का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। जिलाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने इस पूरी घटना को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बताते हुए केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि वह स्वयं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि तत्कालीन जिला कलेक्टर द्वारा की गई यह द्वेषपूर्ण, एकपक्षीय एवं दमनात्मक कार्रवाई सार्वजनिक होनी चाहिए ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और उनकी आजीविका की पुनर्स्थापना हो।

उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण को लेकर देशभर के पत्रकार बिरादरी में भारी रोष व्याप्त है। पूर्व में जयपुर के शहीद स्मारक पर 19 दिनों तक चले अनवरत धरने और प्रदर्शन को प्रशासन ने आश्वासन देकर स्थगित करवा दिया था, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से पत्रकारों में असंतोष बढ़ गया है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सुनवाई नहीं हुई, तो यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और भी तीव्र होगा और पूरे राजस्थान प्रदेश में एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले लेगा। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप जोशी के साथ वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के कार्यसमिति सदस्य रंजन दवे, उपाध्यक्ष लक्ष्मण मोतिवाल, समीर खान तथा लक्षित दवे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story