जयपुर। गुलाबी नगरी में बढ़ती ठिठुरन के बीच मानवता की एक ऐसी गर्माहट देखने को मिली जिसने न केवल अभावों में जी रहे चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि समाज के प्रति दायित्वबोध का एक अनूठा उदाहरण भी पेश किया। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के प्रांगण में गुरुवार को सेवा का संकल्प उस वक्त फलीभूत हुआ जब मित्राय बी ह्यूमन इंडिया फाउंडेशन की ओर से अस्पताल के आधार स्तंभ कहे जाने वाले संविदा कर्मियों, स्वच्छता प्रहरियों और सुरक्षा गार्डों के लिए सम्मान समारोह सह वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीमान संदीप शर्मा और नुपुर शर्मा के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में अल्पवेतन भोगी कर्मचारियों को कड़ाके की सर्दी से बचाने के लिए गर्म लोई और मिठाई का वितरण कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए SMS अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर मृणाल जोशी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर चिकित्सा जगत की प्रमुख हस्तियां जिनमें उपाधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह, डॉक्टर प्रदीप शर्मा, डॉक्टर अरविंद पालावत, डॉक्टर राजेश शर्मा, डॉक्टर सतीश वर्मा, SMS एफए नरेंद्र और नर्सिंग अधीक्षक बलदेव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डॉक्टर मृणाल जोशी ने संस्था के इस प्रयास को पुण्यकारी बताते हुए कहा कि ये स्वच्छता योद्धा हर विपरीत परिस्थिति और हाड़ कंपाने वाली ठंड में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं रिद्धि शेयर के संस्थापक संदीप शर्मा ने स्वच्छता सैनिकों के समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक आदर्श नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव है। कमजोर वर्ग की पीड़ा को समझकर हृदय से की गई सहायता ही वास्तविक ईश्वर सेवा है। वहीं, मित्राय फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. विनीत शर्मा और योग गुरु रश्मि शर्मा ने संस्थान के सेवा पथ की जानकारी साझा करते हुए बताया कि विगत 14 वर्षों से फाउंडेशन पर्यावरण, शिक्षा, चिकित्सा और जीव-जंतुओं के संरक्षण हेतु पूरे राजस्थान में सक्रिय है। राजस्थान में अब तक 65 हजार से अधिक जरूरतमंदों तक गर्म वस्त्र पहुँचाए जा चुके हैं। वर्तमान सत्र में विद्यालयों में विद्यार्थियों को हुडी और कर्मचारियों को जैकेट वितरित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन मित्राय साथी नुपुर शर्मा और अंजू शर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं स्वच्छता सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story