जयपुर। कार्यालय जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जयपुर द्वारा जिले के समस्त मदरसों में विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष जीपीएस आधारित निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी मदरसों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विद्यार्थियों एवं शिक्षा अनुदेशक की उपस्थिति दर्शाते हुए दिनांक, समय और जीपीएस युक्त फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।

निरीक्षण के दौरान 80 से अधिक शिक्षा अनुदेशक निर्धारित समयावधि में जीपीएस युक्त फोटो उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद नियमानुसार सभी संबंधित शिक्षा अनुदेशकों को अनुपस्थित माना गया। इस कार्रवाई के साथ कार्यालय ने अनुपस्थित शिक्षा अनुदेशकों के लिए एक संवेदनशील संदेश भी जारी किया।

कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि यह केवल प्रशासनिक कार्यवाही नहीं, बल्कि उन विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति आत्मचिंतन का अवसर है, जो प्रतिदिन अपने शिक्षक से ज्ञान, मार्गदर्शन और प्रेरणा प्राप्त करने की आशा लेकर मदरसे पहुंचते हैं। संदेश में कहा गया कि यदि शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं होता तो केवल एक कक्षा ही नहीं छूटती, बल्कि अनेक बच्चों की जिज्ञासाएं, उनका आत्मविश्वास और उनके सपने भी प्रभावित होते हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि वह राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की नियमित उपस्थिति किसी बच्चे के ज्ञान, संस्कार और भविष्य की मजबूत नींव रखती है। सभी शिक्षा अनुदेशकों को निर्देशित किया गया कि वे इसे अपने दायित्व के प्रति आत्ममंथन का अवसर मानते हुए समयपालन, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करें।

अभिषेक सिद्ध ने कहा, "बच्चे आपकी प्रतीक्षा केवल इसलिए नहीं करते कि आप उन्हें पढ़ाएँगे, बल्कि इसलिए भी कि उन्हें विश्वास होता है कि उनका शिक्षक अवश्य आएगा। उस विश्वास को कभी टूटने मत दीजिए।"

कार्यालय ने स्पष्ट किया कि यह निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि मदरसों में अध्ययनरत प्रत्येक विद्यार्थी को उसके सीखने के अधिकार के अनुरूप नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। साथ ही यह भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story