जयपुर जेडीए ने बुनियादी ढांचे के लिए 286 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी
जेडीए आयुक्त की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूसी की बैठक में सिरसी रोड चौड़ीकरण और सीवरेज नेटवर्क विस्तार सहित कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।

जयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित पब्लिक वर्क्स कमेटी की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा करते आयुक्त सिद्धार्थ महाजन (मध्य) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी।
जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में जयपुर विकास प्राधिकरण ने राजधानी के समग्र, आधुनिक एवं सुनियोजित विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इसी प्रतिबद्धता के तहत शुक्रवार को जयपुर विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित प्राधिकरण की पब्लिक वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने के लिए लगभग 286 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। इस उच्चस्तरीय बैठक में जयपुर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार और नई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए गहन विचार-विमर्श के बाद निर्णायक प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों के आवागमन को बाधारहित बनाने के उद्देश्य से जोन-7 में सिरसी रोड (सी-जोन बाईपास से सिरसी मोड़ तक) के चौड़ीकरण एवं विकास कार्य हेतु 48.76 करोड़ रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही, सीकर रोड पर चौमूं पुलिया से रोड नंबर 14 तक एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा निर्माण के लिए 9.54 करोड़ रुपये तथा सहकार मार्ग स्थित इमली फाटक एवं ज्योति नगर टी-जंक्शन के सुधार कार्यों हेतु 5.96 करोड़ रुपये की कार्योत्तर स्वीकृति जारी की गई है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुचारु होगी।
पर्यावरण संरक्षण और शहरी स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सीवरेज नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण हेतु भी बड़े फैसले लिए गए हैं। पीआरएन (नॉर्थ) क्षेत्र के जोन-5 एवं 6 से एसटीपी नेवटा तक लेटरल सीवर लाइन बिछाने के लिए 95.16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई है। इसके अतिरिक्त भांकरोटा के वार्ड 65, 66, 67 एवं समीपवर्ती क्षेत्रों से एसटीपी नेवटा तक सीवर लाइन हेतु 42 करोड़ रुपये तथा ग्राम गजधरपुरा स्थित 30 एमएलडी एसटीपी के अपग्रेडेशन हेतु संशोधित राशि 17.18 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई है।
शहरी सौन्दर्यीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में विद्याधर नगर के सेंट्रल स्पाइन कॉरिडोर पर सेंट्रल फूड स्ट्रीट (CFS) के पुनर्विकास एवं पांच वर्ष के रखरखाव हेतु 3.38 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही, सेक्टर-1 विद्याधर नगर में ईपीसी मोड पर इंफॉर्मेशन बिजनेस एंड एंटरटेनमेंट (VIBE) सेंटर के निर्माण हेतु 10.50 करोड़ रुपये तथा स्वर्ण जयंती गार्डन की चारदीवारी निर्माण के लिए 3.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। सड़कों के विकास और नवीनीकरण के तहत जोन-11 के ग्राम अचरावाला, जयसिंहपुरा उर्फ तेजावाला एवं अभयपुरा में लैंड पूलिंग स्कीम (LPS) के लिए 40.07 करोड़ रुपये की संशोधित स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा मालवीय नगर सेक्टर सड़क-प्रधान मार्ग नवीनीकरण, सी-जोन बाईपास से कनकपुरा फाटक तक सड़क सुदृढ़ीकरण हेतु 6.85 करोड़ रुपये तथा जाहोता फ्लाईओवर से जाहोता गांव तक सड़क निर्माण के लिए 3.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। पीएचईडी द्वारा पेयजल लाइन कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की त्वरित मरम्मत के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
जयपुर विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से राजधानी की यातायात व्यवस्था, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं में क्रांतिकारी सुधार होगा, जो जयपुर के सुनियोजित और सतत विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगा। बैठक में सचिव श्री गौरव सैनी, निदेशक आयोजना श्री मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी श्री देवेंद्र गुप्ता, श्री अजय गर्ग, श्री संजीव जैन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। (रिपोर्ट: कुणाल/रवीन्द्र)

