अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा शुक्रवार को अकलंक महाविद्यालय संस्थान, कोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि जैव विविधता अंतर्राष्ट्रीय दिवस प्रतिवर्ष 22 मई को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पृथ्वी पर जीवों और पारिस्थितिकी तंत्र की विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके संरक्षण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि मानवीय गतिविधियों के कारण वर्तमान में अनेक जीव-जंतुओं और वनस्पतियों की प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंच रही हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. पिंकी श्रीवास्तव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस वर्ष 2026 की थीम “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करना” स्थानीय प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने का संदेश देती है। वाइस प्रिंसिपल नम्रता जैन ने कहा कि जैव विविधता मानव जीवन, खाद्य सुरक्षा, जल संसाधनों और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके संरक्षण के लिए सामूहिक जागरूकता आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में बी.ए./बी.एससी. बी.एड. के शिक्षार्थियों और स्टाफ ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story