सवाई माधोपुर: गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ विधायक इंदिरा मीना का प्रदर्शन
बामनवास विधायक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर चूल्हा जलाया और प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर आक्रोश व्यक्त किया।

सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में ईंटों के चूल्हे पर चाय बनाती विधायक इंदिरा मीना और मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता।
सवाई माधोपुर। केंद्र की भाजपा सरकार की तानाशाही और आसमान छूती गैस की कीमतों के खिलाफ आज जिला मुख्यालय पर बामनवास विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा मीना के नेतृत्व में 'विशाल धरना एवं विरोध प्रदर्शन' किया गया। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।
विरोध का अनोखा तरीका: ईंट का चूल्हा और जलता पुतला
कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाने के लिए धरना स्थल पर ही ईंटों का कच्चा चूल्हा बनाया गया। विधायक इंदिरा मीना ने खुद चूल्हे पर चाय बनाकर यह संदेश दिया कि सिलेंडर के दाम बढ़ने से जनता वापस आदिम युग में जाने को मजबूर है। इसके पश्चात, कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
दिग्गजों की मौजूदगी में केंद्र पर हमला
इस दौरान गंगापुर विधायक रामकेश मीणा, जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष एवं अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने को संबोधित करते हुए विधायक इंदिरा मीना ने कहा, "आज चूल्हा जलाना दूभर हो गया है, उज्ज्वला के नाम पर गरीबों को छला गया और सरकार कमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता में भी विफल रही है। यह सरकार केवल चुनिंदा पूंजीपतियों की है, आम जनता की नहीं।"
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर सरेंडर और "कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम" का ठप्पा
विधायक मीना ने भारत की विदेश नीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज जब ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच युद्ध के हालात हैं, तब भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका और इजराइल के आगे नतमस्तक नजर आ रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि "कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम" ने अमेरिका के दबाव में आकर भारत-ईरान की दशकों पुरानी ऐतिहासिक दोस्ती को ठंडे बस्ते में डाल दिया है, जिससे देश के रणनीतिक हित खतरे में हैं।
एपिस्टीन फाइल का खौफ और तानाशाही का अंत
प्रदर्शन के दौरान यह गंभीर चर्चा रही कि क्या भाजपा शीर्ष नेतृत्व को किसी 'एपिस्टीन फाइल' के उजागर होने का डर सता रहा है? क्या इसी ब्लैकमेलिंग के चलते भारत की संप्रभुता को गिरवी रख दिया गया है? इंदिरा मीना ने चेतावनी दी कि घर के अंदर महंगाई और बाहर देश के सम्मान से समझौता अब बर्दाश्त नहीं होगा।
कांग्रेस का आर-पार की लड़ाई का ऐलान
जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने बताया कि यदि गैस की कीमतें तुरंत कम नहीं की गईं और सरकार ने अपनी 'डरपोक' विदेश नीति में सुधार नहीं किया, तो कांग्रेस इस आंदोलन को ब्लॉक स्तर से लेकर गांव-ढाणी तक ले जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
