भारत जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य शनिवार, 16 मई से शुरू हो गया। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान के तहत 14 जून 2026 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर पहुंचकर मकानों का सूचीकरण, परिवारों का विवरण और आवश्यक आंकड़ों का संकलन करेंगे।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। मकान सूचीकरण कार्य के लिए जिले के 17 जनगणना ब्लॉकों में 2650 प्रगणक और 455 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सभी कार्मिकों को संबंधित एचएलबी और सुपरवाइजरी सर्कल आवंटित कर आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। प्रगणक मोबाइल एप और डिजिटल पोर्टल के जरिए परिवारों से प्राप्त जानकारी ऑनलाइन दर्ज करेंगे, जिससे आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी।

जिले में स्व-गणना प्रक्रिया में भी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सामने आई है। प्रमुख जनगणना अधिकारी के अनुसार 15 मई 2026 को शाम 6 बजे तक जिले के 14 हजार 526 नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। अब प्रगणक घर-घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करेंगे, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक और आर्थिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित की जाती हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि “हमारी जनगणना, हमारा विकास” की भावना के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

जनगणना कार्य के सुचारू संचालन के लिए शनिवार को जिले के 17 स्थानों पर सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को जनगणना किट, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, नजरी नक्शा के प्रारूप, गूगल मैप और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का यह महत्वपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story