इंदरगढ़ माता दरबार में दो दिवसीय चुनरी महोत्सव और जागरण 30 मई से शुरू होगा
मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक उत्सव में 108 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई जाएगी और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

बूंदी जिले के इंदरगढ़ देवी दरबार में आयोजित होने वाले दो दिवसीय चुनरी महोत्सव की तैयारियों के बीच गर्भगृह में स्थापित माता रानी की प्रतिमा का विहंगम दृश्य।
गंगापुर सिटी स्थित मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वाधान में जिला बूंदी के इंदरगढ़ देवी दरबार में 30 एवं 31 मई को दो दिवसीय चुनरी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरुषोत्तम मास पर्व के अवसर पर यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होगा, जिसमें सैकड़ों भक्तों की भागीदारी रहेगी।
आयोजन के तहत 30 मई शनिवार को शाम 5:00 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने से सैकड़ों भक्त बसों के माध्यम से इंदरगढ़ के लिए रवाना होंगे। उसी दिन रात 9:00 बजे गंगापुर वालों की धर्मशाला, इंदरगढ़ में विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में डूबेंगे।
इसके अगले दिन 31 मई रविवार को पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रातः 6:00 बजे धर्मशाला से सैकड़ों भक्त 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी को हाथों में लेकर श्रृंगार एवं भोग प्रसादी के साथ ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच जुलूस के रूप में माता रानी के दरबार के लिए प्रस्थान करेंगे। भक्त माता रानी को चुनरी एवं श्रृंगार भेंट कर भोग प्रसादी अर्पित करेंगे तथा देश एवं परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
इसी दिन प्रातः 9:00 बजे धर्मशाला में कन्याओं का पूजन एवं भोजन कराकर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पूर्णिमा के विशेष पर्व पर माता रानी की सीडीओ के पास प्रसादी वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।
समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दो दिवसीय चुनरी महोत्सव एवं भगवती जागरण में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
