मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वाधान में पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर जिला बूंदी स्थित इंदरगढ़ दरबार में दो दिवसीय भव्य भगवती जागरण एवं 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी महोत्सव अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में गंगापुर सिटी, करौली, कुड़गांव, जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने सम्मिलित होकर माता रानी के दरबार में अपनी अगाध आस्था प्रकट की और संपूर्ण वातावरण बिजासन माता के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

महोत्सव के प्रथम दिन शनिवार रात्रि को सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने इंदरगढ़ माता गंगापुर वालों की धर्मशाला में एकत्रित होकर महारानी इंदरगढ़ देवी का अलौकिक और भव्य दरबार सजाया। रात्रि 10:00 बजे पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात भगवती जागरण का शुभारंभ हुआ, जो अगले दिन प्रातः 4:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। जागरण में मनोज एंड ग्रुप म्यूजिकल के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा माता रानी की एक से बढ़कर एक मनमोहक भेंटें और भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिन पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर जमकर झूमे।

इसके पश्चात, रविवार प्रातः 7:00 बजे माता रानी की अखंड ज्योति के साथ भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। सभी भक्त हाथों में 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी थामे और माता रानी की पवित्र तस्वीर को सिर पर धारण कर ढोल-नगाड़ों की थाप एवं गगनभेदी जयकारों के बीच गंगापुर वालों की धर्मशाला से मुख्य बाजार होते हुए मां बिजासन देवी के मंदिर की ओर बढ़े। इस दौरान माता रानी की सीढ़ियों पर अलौकिक चुनरी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दूर से आए यात्रियों ने माता रानी की इस विशाल चुनरी के दर्शन कर और उसे स्पर्श कर स्वयं को धन्य किया। भक्तों ने मुख्य मंदिर पहुंचकर माता रानी को भव्य श्रृंगार व चुनरी भेंट की तथा भोग प्रसादी अर्पण कर ढोक लगाई और देश तथा परिवार के कल्याण व सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के अगले चरण में प्रातः 8:00 बजे माता रानी के मंदिर के समीप नीचे मुख्य परिसर में महाप्रसादी का वितरण शुरू किया गया, जिसमें माता रानी को भोग लगाया हुआ 11:15 किलो सूजी का हलवा, चना तथा 51 किलो आटे की पूड़ी-सब्जी का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया, साथ ही दर्शनार्थी यात्रियों को विशेष रूप से मिल्क रोज पिलाया गया। इस संपूर्ण प्रसादी वितरण व्यवस्था में मां बिजासन सेवा समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं और गणमान्य भक्तों, जिनमें पूर्व चेयरमैन देवी चरण गर्ग, सुरेश चंद सिंघल, अशोक करौली, रघुनंदन गुप्ता, वेद प्रकाश मंगल, रामावतार, डॉ. सीताराम, कैलाश बाबा, दिनेश करणपुर, योगेश, आकाश गर्ग, दिनेश करौली, सत्यनारायण पटवारी, अशोक उदेई, सुनील गर्ग, मनसुख मेडी, आकाश गर्ग, राहुल अग्रवाल, हैप्पी, गौरव मंगल, राकेश मीणा, हरिशंकर सर मथुरा, राधा मोहन कोटा, महोली, मनीष पिलोदा, नितेश गोयल, मनोज गर्ग, चंद्र मोहन गुप्ता और रॉकी गुप्ता शामिल थे, ने अपनी सक्रिय सेवाएं देकर पुण्य लाभ कमाया।

आयोजन के अंतिम चरण में प्रातः 9:30 बजे गंगापुर वालों की धर्मशाला में परंपरागत रूप से पवित्र कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जहां छोटी-छोटी कन्याओं के पैर पखारकर उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया गया और भेंट सामग्री अर्पण कर आशीर्वाद लिया गया। इसके तत्पश्चात, आयोजन में उपस्थित समस्त भक्तजनों ने भंडारे में पंगत पर बैठकर श्रद्धापूर्वक महाप्रसादी ग्रहण की, जिसने इस दो दिवसीय भव्य और अलौकिक चुनरी महोत्सव को धार्मिक सौहार्द तथा अपार जन-आस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story