शहर के रेलवे स्टेशन और राजकीय जिला चिकित्सालय को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर अधूरी सड़क निर्माण कार्य के कारण आमजन, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने वर्षाकाल से पूर्व शेष सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।

जानकारी के अनुसार सूरसागर तिराहा से बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री तक सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग एक माह पूर्व नवीन सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। हालांकि विद्यालय की बाउंड्री से सोनी चौराहे तक का हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे मार्ग की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जलदाय विभाग और सीवरेज कार्य से जुड़े ठेकेदारों द्वारा पूर्व में बनी सड़क को खोद दिया गया था। इसके बाद सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। यह मार्ग रेलवे स्टेशन और राजकीय जिला चिकित्सालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे परेशानी और अधिक बढ़ गई है।

समाजसेवी वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि वर्षाकाल शुरू होने से पहले अधूरी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाना आवश्यक है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान सड़क के गड्ढों में जलभराव होने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों तथा एम्बुलेंस सेवाओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही दुर्घटनाओं और चोटिल होने की आशंका भी बढ़ जाएगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे में संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है, ताकि शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story