सवाई माधोपुर, 16 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के सफल समापन के अवसर पर सवाई माधोपुर में मंगलवार को तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। खण्डार विधायक जितेन्द्र गोठवाल और जिला कलक्टर काना राम ने इन्दिरा मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख सुदामा मीणा, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, नगर परिषद सभापति सुनील तिलकर और अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न दर्शक दीर्घाओं और विभागीय स्टॉल्स का निरीक्षण किया। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को स्कूटी, ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।

प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में जिले में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को रंगीन चित्रों और मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, पर्यटन और वन विभाग की प्रमुख योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी गई।

पंच गौरव की स्टॉल पर सवाई माधोपुर की अमरूद, फुटबॉल, मार्बल मूर्तिकला, नीम और रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की विशेषताएँ प्रदर्शित की गईं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अन्य स्वास्थ्य संबंधित गतिविधियों के आंकड़े प्रस्तुत किए गए। जल संसाधन और जल जीवन मिशन की स्टॉल पर सूरवाल मध्यम सिंचाई परियोजना का मॉडल प्रदर्शित किया गया, जिससे अतिथियों को परियोजना की विस्तृत जानकारी मिली।

ग्रामीण विकास विभाग और राजीविका की स्टॉल पर आदर्श गांव के मॉडल के साथ-साथ मोटे अनाज से बने बिस्किट और कुकीज का वितरण किया गया। ऊर्जा विभाग ने प्रदर्शनी में सोलर पैनल के माध्यम से बिजली उत्पादन का जीवंत प्रदर्शन किया। उद्योग विभाग की स्टॉल पर स्थानीय हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार किए गए नए डिज़ाइन के दीपक प्रदर्शित किए गए।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की ओर से आयोजित फल-फूल प्रदर्शनी में जैविक खेती, अमरूद सहित अन्य फलों और फूलों के उत्पादन के प्रयास और इसके लिए तैयार उत्पाद प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में इलाहबादी सफेदा और आंवला जैसी फलों की श्रेष्ठ किस्मों का पुरस्कार वितरण किया गया। फूल प्रदर्शनी में हाईब्रेड गुलाब, हजारा और पुष्करी गुलाब की किस्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतियोगियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थानों से सम्मानित किया गया।

इस जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी मिल रही है। प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक आयोजित रहेगी और प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story