गंगापुर सिटी में बुधवार को विधिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत तालुका जागृति इकाई के सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति गंगापुर सिटी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस, बैंकिंग, डाक, रेलवे और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विधिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में उप जिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर, गंगापुर सिटी थानाधिकारी करण सिंह राठौर, रेलवे स्टेशन प्रबंधक रामावतार मीना, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक लट्टूराम मीना, डाकघर गंगापुर सिटी के पोस्टमास्टर बाबूलाल मीना, राजस्थान रोडवेज हिंडौन डिपो के सहायक प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप मीना, पैनल अधिवक्ता सत्यभान सिंह राजपूत सहित संतोष कुमार, मुकेश गुर्जर, विकास सैनी और अधिकार मित्र भूपेंद्र सिंह हंस उपस्थित रहे।

तालुका अध्यक्ष ने बैठक के दौरान सभी सदस्यों को जागृति यूनिट से जुड़े प्रावधानों, उद्देश्यों और दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने के लिए सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इस क्रम में उपस्थित सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अधिकार मित्रों और पैनल अधिवक्ताओं के साथ मिलकर विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करें।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सरकारी योजनाओं और न्यायिक सहायता की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक सहयोग को मजबूत बनाना रहा। इस पहल को गंगापुर सिटी क्षेत्र में विधिक साक्षरता और न्याय तक पहुंच को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story