सवाईमाधोपुर/उदयपुर, 29 सितंबर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत सवाईमाधोपुर और बीकानेर में बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी निरोधक दलों ने चार ट्रक सीज कर अवैध मदिरा और स्प्रिट जब्त की। सवाईमाधोपुर में अनुमानित 52 लाख रुपये की फोर सेल इन पंजाब अंग्रेजी मदिरा बरामद की गई, जबकि बीकानेर में स्प्रिट से भरे तीन टैंकर सीज किए गए।

आबकारी विभाग के निरोधात्मक अभियान के तहत एक ही दिन में चार ट्रकों में अवैध मदिरा और स्प्रिट सीज करने की कार्रवाई की गई। सवाईमाधोपुर में मुखबिर की विश्वसनीय सूचना पर आबकारी टीम ने कुस्तला टोल प्लाजा के समीप एक टाटा ट्रक को रोककर जांच की। ट्रक में फोर सेल इन पंजाब अंग्रेजी मदिरा की बड़ी खेप मिली। रॉयल स्टेग और रॉयल चेलेंज अंग्रेजी मदिरा की 599 पेटियों में अनुमानित 52 लाख रुपये की मदिरा जब्त की गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आबकारी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

यह कार्रवाई डीईओ हरीष रोलन के सुपरविजन में की गई। आबकारी निरीक्षक बाड़मेर भंवर और एईओ जयपुर प्रदीप बिष्नोई ने विश्वसनीय सूचना प्रदान की थी।

बीकानेर के आबकारी थाना क्षेत्र लूणकरणसर में पीओ भगाराम और ईपीएफ टीम ने स्प्रिट से भरे तीन टैंकर जब्त किए। उपायुक्त निरोधक दल पोमाराम रोहिण के अनुसार, ये स्प्रिट टैंकर तरणतारन पंजाब से सिद्धपुर गुजरात जा रहे थे। टैंकरों को रोककर अवैध तरीके से स्प्रिट निकालकर ड्रमों में भरा जा रहा था। मौके से टैंकर चालकों को गिरफ्तार कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

जब्त किए गए तीनों स्प्रिट टैंकरों में एक लाख 20 हजार लीटर स्प्रिट सीज की गई है, जिसकी लागत 15 लाख रुपये है। इससे अवैध तरीके से अनुमानित 60 लाख रुपये की मदिरा बनाकर संभवतया आगामी पंचायत चुनावों में ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। अवैध मदिरा निर्माण से प्रदेश में आबकारी विभाग को भी बड़ी राजस्व हानि होनी थी।

इसी क्रम में प्रदेश के अन्य जिलों में भी अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी है। हनुमानगढ़ एवं संगरिया थाना द्वारा संयुक्त दबिश कार्रवाई में 4 हजार लीटर वॉश सहित पांच कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं और 65 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। आबूरोड़ ईपीएफ टीम ने मदिरा भट्टी नष्ट करते हुए अवैध हथकड़ शराब जब्त की।

जोधपुर शहर, पीपाड़ एवं फलौदी क्षेत्र में दबिश कार्रवाई के तहत 109 बोतल बीयर, 108 पव्वे देशी शराब और 25 पव्वे आईएमएफएल बरामद किए गए। इस दौरान एक दुपहिया वाहन भी जब्त किया गया।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में 14 से 28 सितंबर 2026 तक चलाए गए विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत विभिन्न कार्रवाइयों में 1092 अभियोग दर्ज किए गए। प्रदेश में 8 लाख 50 हजार 882 रुपये लागत की 3107 लीटर देशी मदिरा, एक करोड़ 5 लाख एक हजार 560 रुपये की 10568 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 3 लाख 20 हजार 477 रुपये की 1477 लीटर बीयर, 7946 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई।

अभियान के तहत 3 लाख 67 हजार 786 लीटर वॉश नष्ट किया गया। इसके साथ ही एक बड़ा वाहन, 13 चार पहिया वाहन और 23 दुपहिया वाहनों सहित कुल 37 वाहन जब्त किए गए। अवैध मदिरा से संबंधित 449 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त जारी है। सभी अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दल अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रहे हैं। सवाईमाधोपुर और बीकानेर में हुई कार्रवाई के साथ अभियान के दौरान जब्त अवैध मदिरा, स्प्रिट, वाहन और दर्ज अभियोगों के आंकड़े आबकारी विभाग की कार्रवाई के व्यापक स्तर को दर्शाते हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story